सिद्धारमैया या डीके शिवकुमार! कर्नाटक की कुर्सी को लेकर कांग्रेस हाईकमान का रुख साफ, क्या थमेगा सियासी तूफान?

Randeep Surjewala Karnataka Congress: रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कर्नाटक में पावर-शेयरिंग या CM बदलने की अफवाहों को खारिज किया। कहा कि सभी फैसले जनता के हितों को प्राथमिकता देंगे।
Karnataka CM Change News
कर्नाटक के सीएम पद पर सुरजेवाला (सौजन्य-IANS)
Published on
Updated on

Karnataka CM Change News: कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों ने सियासी हलचल मचाई हुई है। इस बीच आज कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैय्या के इस्तीफा देने की खबरें भी तेज है। एआईसीसी महासचिव और कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने बुधवार को कांग्रेस के भीतर किसी भी तरह के 'पॉवर शेयरिंग' की खबरों पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री परिवर्तन के संबंध में कोई भी निर्णय आधिकारिक तौर पर नहीं लिया गया है।

हालांकि, उन्होंने सिद्धारमैया के संभावित इस्तीफे की अफवाहों पर सीधे तौर पर कोई भी प्रतिक्रिया देने से परहेज किया। रणदीप सिंह सुरजेवाला ने पार्टी में उनके योगदान के लिए सिद्धारमैया और शिवकुमार दोनों की प्रशंसा की। बेंगलुरु में पत्रकारों से बात करते हुए सुरजेवाला ने कहा कि 'पॉवर शेयरिंग' जैसी कोई बात नहीं है।

बैठक में इन मुद्दों पर हुई चर्चा

उन्होंने बताया कि कल की बैठक राज्यसभा और विधान परिषद चुनावों के संबंध में हुई थी और कोई बात नहीं थी। इस चर्चा में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, शिवकुमार, मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता (एलओपी) राहुल गांधी और केसी वेणुगोपाल ने भाग लिया था। मौजूदा राजनीतिक अटकलों का जिक्र करते हुए सुरजेवाला ने इन खबरों को महज अफवाह बताते हुए खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि कई लोग इस मामले में अलग-अलग तरह की बातें फैला रहे हैं। यह सभी अटकलें हैं। अभी तक कांग्रेस विधानसभा की कोई बैठक नहीं बुलाई गई है।

कर्नाटक और जनता के हित में होगा फैसला

सुरजेवाला ने दोहराया कि सिद्धारमैया और शिवकुमार दोनों ही पार्टी के लिए अहम नेता हैं और कहा कि जो भी फैसला होगा वह कर्नाटक की जनता के हितों को ध्यान में रखकर होगा। सिद्धारमैया एक बहुत महत्वपूर्ण नेता हैं। तो वहीं, शिवकुमार संगठनात्मक कार्यों से उभरे हैं। पार्टी जो भी फैसला लेगी, उसकी जानकारी जनता को दी जाएगी।

यह फैसले व्यक्तियों के लिए नहीं बल्कि कर्नाटक और उसकी जनता के हित में लिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सिद्धारमैया एक बहुत ही महत्वपूर्ण नेता हैं, जिनका अपना एक अलग राजनीतिक कद है। वे दो बार मुख्यमंत्री के पद पर रह चुके हैं। उपमुख्यमंत्री शिवकुमार की तारीफ करते हुए सुरजेवाला ने कहा कि शिवकुमार एक युवा नेता के तौर पर उभरे हैं और उन्होंने कई मुख्यमंत्रियों के साथ काम किया है।

इस्तीफे को लेकर नहीं कोई पुष्टि

उन्होंने आगे कहा कि शिवकुमार जमीनी स्तर से उठकर एक नेता बने हैं। उन्होंने कई मुख्यमंत्रियों के अधीन काम किया है। हम किसी एक व्यक्ति के पक्ष में फ़ैसले नहीं लेते, बल्कि फैसले जनता के हित को ध्यान में रखकर लिए जाते हैं।

हालांकि, मुख्यमंत्री के इस्तीफे को लेकर किसी तरह की आधिकारिक पुष्टि करने से हर कोई बच रहा है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि आज सिद्धारमैया अपने पद से इस्तीफा देंगे। और क्या आज डीके शिवकुमार को राज्य के मुख्यमंत्री के तौर पर नामित किया जाएगा।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com