बिहार की दुर्दशा के लिए BJP-JDU गुनहगार: राहुल गांधी का 'डबल इंजन' सरकार पर तीखा हमला

Bihar Election 2025: राहुल गांधी ने बिहार की शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की बदहाली के लिए बीजेपी-जेडीयू को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने राज्य के निचले पायदान पर होने के आंकड़े साझा किए हैं।
rahul gandhi
राहुल गांधी, फोटो- सोशल मीडिया
Published on
Updated on

Bihar Assembly Election 2025: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर बीजेपी-जेडीयू सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पिछले 20 सालों में मोदी-नीतीश सरकार ने युवाओं की आकांक्षाओं का गला घोंट दिया और प्रदेश को हर पैमाने पर गर्त में धकेल दिया है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बीजेपी-जेडीयू सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि बिहार में युवाओं की दुर्दशा के लिए केवल यही 'डबल इंजन' सरकार गुनहगार है। उन्होंने कहा कि बिहार के युवा बखूबी जानते हैं कि पिछले 20 सालों में मोदी-नीतीश सरकार ने किस तरह उनकी आकांक्षाओं का गला घोंटा और प्रदेश को लावारिस छोड़ दिया।  राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर कुछ आंकड़े भी शेयर किए, यह दावा करते हुए कि ये सिर्फ आंकड़े नहीं, बल्कि आईना हैं जो दिखा रहे हैं कि 'डबल इंजन' बिहार को प्रगति से कितना पीछे खींच लाई है।

शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य में बिहार की स्थिति पर बोले राहुल

राहुल गांधी द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के मामले में बिहार देश के सबसे निचले पायदान पर है। शिक्षा के मोर्चे पर बदहाली: देश के 29 राज्यों में, कक्षा 9-10 में ड्रॉपआउट दर के मामले में बिहार 27वें स्थान पर है। कक्षा 11-12 में नामांकन दर के मामले में यह 28वें स्थान पर है। वहीं, महिला साक्षरता के मामले में भी बिहार 29 राज्यों में से 28वें स्थान पर है।

रोजगार और आय में पिछड़ापन है: राहुल

राहुल गांधी ने कहा कि रोजगार की बात करें तो, सेवा क्षेत्र में रोजगार के मामले में बिहार 29 राज्यों में 21वें स्थान पर है। उद्योग और उत्पादन क्षेत्र में रोजगार के मामले में यह 23वें स्थान पर है। इसके अलावा, प्रति व्यक्ति आय (NSDP) के मामले में बिहार 25 राज्यों में 25वें स्थान पर है। स्वास्थ्य और मानव विकास सूचकांक (HDI) पर भी राज्य की स्थिति चिंताजनक है। शिशु मृत्यु दर में बिहार 29 राज्यों में 27वें स्थान पर है। बीमा योजना से स्वास्थ्य सुरक्षा और घर में शौचालय की सुविधा के मामले में बिहार 29 राज्यों में 29वें स्थान पर है। मानव विकास सूचकांक (HDI) में राज्य 27 राज्यों में 27वें स्थान पर है।

बदलाव का आह्वान करते दिखे राहुल

राहुल गांधी ने कहा कि वह बिहार में जितने भी युवाओं से मिले हैं, वे सभी बेहद होनहार और समझदार हैं। उन्होंने अपनी काबिलियत और मेहनत के बल पर हर जगह चमक बिखेरने की क्षमता है, लेकिन सरकार ने उन्हें अवसरों की जगह सिर्फ बेरोजगारी और निराशा दी है। उन्होंने अब बदलाव का वक्त बताया, और कहा कि यह बिहार का स्वाभिमान फिर से जगाने और महागठबंधन के न्याय संकल्प को दोहराने का वक्त है।

इसी बीच, मंगलवार को बिहार चुनाव के लिए महागठबंधन ने अपना घोषणा पत्र ‘तेजस्वी प्रण’ भी जारी किया है। घोषणापत्र में 20 दिन के भीतर नौकरी अधिनियम लाने और 20 महीने के भीतर नौकरी देना शुरू करने का वादा किया गया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com