

बिहार में टेंडर घोटाला मामले को लेकर सख्त एक्शन लिया गया है। इस मामले में दो IAS अधिकारियों के घर छापा मारा गया है। IAS योगेश कुमार सागर और अभिलाषा शर्मा के घर पर स्पेशल विजिलेंस यूनिट (SVU) की टीम रेड मारने पहुंची है। लेकिन दोनों ही अधिकारी अपने घर पर नहीं थे।
इसके साथ ही एसयूवी की टीम ने ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए मातृस्वा इंफ्रा के डायरेक्टर पवन कुमार के ठिकाने पर भी छापा मारा। योगेश समाज कल्याण विभाग में ज्वाइंट सेक्रेटरी के पद पर कार्यरत थे और अभिलाषा शर्मा जीविका की एडिशनल CEO थीं। दोनों को पहले ही सस्पेंड किया जा चुका है।
दरअसल, दोनों IAS अधिकारियों पर रिशु श्री से कमीशन लेकर उसे फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया गया है। इस मामले में इन दोनों ही अधिकारियों की बड़ी भूमिका रही। दोनों ने रिशु श्री से महंगे-महंगे तोहफे लिए, जिसके बदले में टेंडर को मैनेज किया। एसयूवी की टीम ने रिशु श्री को रिमांड में लिया है और पूछताछ कर रही है। पिछले तीन दिनों से टीम जांच करते हुए कुछ अहम सबूतों तक पहुंची और छापेमारी को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि अन्य IAS अधिकारियों को भी निशाने पर लिया जा सकता है।
रिशु श्री ने योगेश सागर को विदेश घुमाया। उन्हें महंगे होटल, फ्लाइट के पैसे इस सभी का खर्चा रिशु श्री ने उठाया। इस विदेश यात्रा के दौरान लगभग 22 लाख रुपए का खर्चा आया। इस समय योगेश सागर बुडको के एमडी थे। इन खर्चों की जगह नगर विकास के कई टेंडर रिशु श्री के कहने पर ही दिए गए।
अभिलाषा शर्मा ने भी रिशु श्री से महंगे गिफ्ट लिए। अभिलाषा शर्मा ने अपनी छत पर एक बगीचा लगाया। महंगे पौधे से लेकर बगीचा संभालने की सभी व्यवस्था रिशु श्री ने की, जिसका खर्च 9 लाख रुपए था। उसने अभिलाषा के रिश्तेदारों को भी भारत भ्रमण कराया और पूरा खर्चा उठाया।
साथ में पैसे भी दिए। अभिलाषा को महंगे गिफ्ट और आईफोन भी दिया गया। रिशु श्री की जैसे ही गिरफ्तारी हुई, उसके बाद ही इन दोनों पर शिकंजा कसा गया। इसी आधार टेंडर घोटाले की जांच में स्पेशल विजिलेंस की टीम उनके आवास पर पहुंची है।