

Student Protests Patna: बिहार में हिंसक घटना में पटना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पटना में बिहार बंद के प्रदर्शन के दौरान 22 और 25 जुलाई को हुई हिंसा में पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए कोतवाली, गांधी मैदान, पाटलिपुत्र और सचिवालय थाना में कुल 24 एफआईआर दर्ज की हैं।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए इन मामलों में कुल 258 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मिली जानकारी के अनुसार, कार्रवाई में पुलिस ने गांधी मैदान थाना में सबसे अधिक 138 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। तो वहीं, कोतवाली थाना पुलिस की टीम ने 49 लोगों को गिरफ्तार किया है।
इस प्रदर्शन में कई लड़कियों को भी हिरासत में लिया गया था। पटना पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए हिरासत में ली गई 30 लड़कियों को बाद में छोड़ दिया। बताया जा रहा है कि लड़िकयों से निजी बांड भरवाए गए है और उसके बाद उन्हें छोड़ दिया गया।
बिहार बंद के दौरान पटना के हिंसक प्रदर्शन में पुलिस ने सभी प्रदर्शनकारियों पर कानूनी शिकंजा कसा है। दर्ज की गई FIR में 285 लोगों को आरोपी बनाया गया है, जबकि लगभग 6,000 अज्ञात दंगाइयों के खिलाफ भी मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस वर्तमान में वीडियो फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर अज्ञात प्रदर्शनकारियों की पहचान करने के लिए काम कर रही है, जिससे आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां होने की संभावना बढ़ गई है।
पटना में हिंसक प्रदर्शन के दौरान पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा था। इस झड़प में बड़े पैमाने पर लोगों के घायल होने की खबर सामने आई। बताया जा रहा है कि पुलिस विभाग के आईजी, थानों के थानेदार, सब-इंस्पेक्टर और सिपाहियों समेत कुल 43 पुलिसकर्मी जख्मी हुए हैं।
दूसरी ओर, प्रदर्शन में शामिल 300 से ज्यादा छात्र भी चोटिल हुए। लगभग 60 छात्रों को गंभीर चोटें आई और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। भगदड़ और लाठीचार्ज में कई छात्रों के सिर पर गंभीर चोटें आई और तो कुछ छात्रों के हाथ-पैर टूटने की भी खबर है। एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि स्थिति पूरी तरह सामान्य है। जारी किए गए तस्वीर में भी 50 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।