इसलिए बिहार के सीवान में RJD विधायक ओसामा शहाब के ठिकानों पर हो रही है पुलिस की बड़ी छापेमारी, जानें पूरा मामला
RJD MLA Osama Shahab Raid: बिहार के सीवान में डॉक्टर दंपति की जमीन कब्जा करने के मामले में राजद विधायक ओसामा शहाब के ठिकानों पर पुलिस ने सोमवार को छापेमारी की।
- Written By: प्रिया जैस
बिहार पुलिस (सौजन्य-IANS)
RJD Bihar Land Dispute Case Updates: बिहार के सीवान जिले में भूमाफियाओं और अवैध जमीन कब्जा करने वालों के खिलाफ पुलिस बेहद सख्त और एक्शन मोड में नजर आ रही है। सीवान जिले में एक चिकित्सक दंपति की जमीन पर रंगदारी के बल पर अवैध कब्जा करने के मामले में पुलिस ने सोमवार को रघुनाथपुर विधानसभा क्षेत्र से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के विधायक ओसामा शहाब के ठिकानों पर सघन छापेमारी की। इस अचानक हुई कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है, हालांकि पुलिस की इस दबिश के दौरान विधायक ओसामा शहाब मौके पर मौजूद नहीं मिले।
DIG और SP के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
यह बड़ी कार्रवाई सारण क्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) नीलेश कुमार और सीवान के पुलिस अधीक्षक (SP) पुरन कुमार झा के कुशल नेतृत्व में की गई। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी रही। पुलिस की टीम सबसे पहले हुसैनगंज थाना क्षेत्र के प्रतापपुर स्थित विधायक के पैतृक आवास पर पहुंची और बारीकी से तलाशी ली। इसके बाद नगर थाना क्षेत्र के नया किला स्थित उनके दूसरे आवास पर भी छापेमारी की गई। पुलिस टीम ने दोनों ठिकानों पर सघन जांच पड़ताल की।
डॉक्टर दंपति की जमीन पर कब्जे का है आरोप
मामले की जानकारी देते हुए डीआईजी नीलेश कुमार ने बताया कि महादेवा थाना क्षेत्र में एक डॉक्टर दंपति की जमीन को रंगदारी के बल पर कब्जा करने का एक मामला प्रकाश में आया था। पीड़ित दंपति की शिकायत पर इस संबंध में संबंधित थाने में एक प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई गई थी।
सम्बंधित ख़बरें
Bihar Muharram Alert: कटिहार में मुहर्रम से पहले हड़कंप, दुकान के बाहर मिले 5 सुतली बम, पुलिस जांच में जुटी
रिपोर्ट का इंतजार करें… प्रशांत किशोर की चेतावनी पर मंत्री मिथिलेश का पलटवार; बोले- कानून का करें सम्मान
बिहार कैबिनेट का बड़ा फैसला, पटना-नवादा समेत इन 5 जिलों को मिली नई यूनिवर्सिटी की सौगात; देखें पूरी लिस्ट
Bharat Tiwari Encounter: भोजपुर में उमड़ा जनसैलाब, महापंचायत के मंच से प्रशांत किशोर ने दी बड़ी चेतावनी
बिहार पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बहुत ही बारीकी और गहनता से इस केस का अनुसंधान किया है। जांच के दौरान पुलिस को इस मामले में पर्याप्त और ठोस साक्ष्य मिले हैं। इन्हीं पुख्ता सबूतों के आधार पर पुलिस ने माननीय न्यायालय से छापेमारी का वारंट प्राप्त किया और इसके बाद ही यह पूरी कार्रवाई सुनिश्चित की गई है।
यह भी पढ़ें – वोटों की गिनती के बीच भिड़े BJP-TMC समर्थक, ममता आवास के बाहर काटा बवाल, देखें VIDEO
बिहार के भूमाफियाओं को सख्त चेतावनी
छापेमारी की इस बड़ी कार्रवाई के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए डीआईजी नीलेश कुमार ने भूमाफियाओं और रंगदारी मांगने वालों को बेहद सख्त लहजे में चेतावनी दी। उन्होंने कहा, “हम ऐसे सभी लोगों को कड़ी चेतावनी देते हैं कि वे किसी भी गरीब या किसी अन्य व्यक्ति की जमीन पर कब्जा करने की कोशिश बिल्कुल न करें। यदि कोई ऐसा करता है, तो सीवान पुलिस हर तरीके से उनसे निपटने के लिए तैयार है। पुलिस कानून के तहत सबसे कड़ी कार्रवाई करेगी और किसी भी दोषी को कतई बख्शा नहीं जाएगा।”
उन्होंने आगे कहा कि आरोपी फिलहाल पुलिस के हाथ नहीं आए हैं, लेकिन पुलिस की टीमें उनकी तलाश में जुटी हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई बहुत जल्द पूरी की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि रंगदारी और अवैध कब्जे का खेल अब सीवान में नहीं चलेगा। इस मामले में पुलिस की जांच लगातार जारी है और विधायक ओसामा शहाब के अलावा कुछ अन्य संदिग्धों के नाम भी पुलिस की जांच में उजागर हुए हैं, जिन पर जल्द ही कानून का शिकंजा कसेगा।
