25 से 30, फिर से नीतीश', सीएम के फेस पर लगी मुहर, सम्राट चौधरी और सिन्हा बने रहेंगे डिप्टी सीएम

Nitish Kumar: बिहार में एनडीए सरकार के गठन के ठीक पहले बैठक हुई। जेडीयू की बैठक में नीतीश कुमार को विधायक दल का नेता चुन लिया गया जबकि बीजेपी की बैठक में सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता चुना गया।
नीतीश कुमार, सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा
नीतीश कुमार CM, सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा बने रहेंगे डिप्टी सीएम, फोटो- सोशल मीडिया
Published on
Updated on

Bihar Government Formation: बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए को प्रचंड बहुमत मिलने के बाद सरकार गठन की कवायद तेज हो गई है। बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में हुई बैठक में जदयू ने नीतीश कुमार को सर्वसम्मति से नेता चुन लिया। वहीं, भाजपा विधायक दल ने सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा को डिप्टी सीएम के पद पर बनाए रखने का फैसला लिया है।

बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए को प्रचंड बहुमत मिला है, जिसके बाद सरकार बनाने की प्रक्रिया जोर पकड़ रही है। बुधवार को मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित जदयू विधायक दल की बैठक में नीतीश कुमार को सर्वसम्मति से नेता चुन लिया गया। जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा कि शाम को राज्यपाल से मिलकर सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। आज शाम 3:30 बजे एनडीए विधायक दल की भी एक बैठक आयोजित होगी। इस बैठक में नीतीश कुमार को एनडीए का नेता चुने जाने की औपचारिकता पूरी की जाएगी।

भाजपा ने नहीं किया कोई बदलाव, सम्राट और विजय बने रहेंगे

भाजपा ने बिहार में कोई बदलाव न करने का फैसला लिया है। भाजपा विधायक दल की मीटिंग में सम्राट चौधरी को नेता चुन लिया गया, जबकि विजय सिन्हा को उपनेता चुना गया। दोनों ही उपमुख्यमंत्री होंगे। भाजपा नेतृत्व ने अति पिछड़ा वर्ग से आने वाले सम्राट चौधरी के सामाजिक वर्ग को ध्यान में रखते हुए उन्हें बनाए रखने का फैसला लिया। विजय सिन्हा भी बिना किसी विवाद के डिप्टी सीएम के पद पर बने रहे हैं। दोनों नेताओं ने सीएम नीतीश कुमार से अब तक बेहतर तालमेल के साथ काम किया है। डिप्टी सीएम फिर से बनाए जाने के फैसले पर, सम्राट चौधरी ने पार्टी का आभार व्यक्त किया, जबकि विजय सिन्हा ने केंद्रीय नेतृत्व और विधायकों को धन्यवाद दिया।

'25 से 30, फिर से नीतीश', शपथ ग्रहण की तैयारियां तेज

नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार, 20 नवंबर को सुबह 11:30 बजे गांधी मैदान में होना निर्धारित है। गुरुवार को होने वाले इस शपथ ग्रहण समारोह को ऐतिहासिक बताया जा रहा है। नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे, और उनके साथ ही सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा भी गांधी मैदान में शपथ लेंगे। फिलहाल चर्चा है कि कुल 20 मंत्रियों की शपथ गांधी मैदान में हो सकती है, जिसके बाद कैबिनेट विस्तार किए जाने की संभावना होगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार शाम को गांधी मैदान पहुंचकर समारोह की तैयारियों का निरीक्षण किया था।

क्या था विधानसभा चुनाव का कुल गुणा-गणित?

विधानसभा चुनाव में एनडीए ने कुल 202 सीटें हासिल की हैं। भाजपा ने 89 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि जनता दल यूनाइटेड 85 सीटों के साथ दूसरे नंबर पर रही। चिराग पासवान की लोक जनशक्ति (आर) ने 19 सीटों पर जीत दर्ज की। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) को पांच और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) को चार सीटों पर जीत मिली है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com