बिहार सरकार का बड़ा फैसला, लद्दाख घूमने के लिए देगी 20,000 रुपये; जानिए क्या है यह खास प्लान

Ladakh Trip Scheme: बुधवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट मीटिंग में अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। कैबिनट ने बिहार में टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए कई बड़े फैसले लिए हैं।
bihar government scheme for ladakh visit
कॉन्सेप्ट फोटो, (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Bihar Government Ladakh Trip Scheme: बिहार के लोगों के लिए सम्राट चौधरी सरकार ने एक बड़ी घोषणा की है। बुधवार को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इस फैसले पर मुहर लगी है। दरअसल, राज्य के लोगों को लद्दाख घुमने के लिए राज्य सरकार 20 हजार रुपये तक का अनुदान देगी। सम्राट कैबिनेट ने सिंधु दर्शन तीर्थ यात्रा वित्तीय सहायता अनुदान योजना 2026 को मंजूरी दे दी है। इस योजना का लाभ सिर्फ बिहार के लोगों को ही मिलेगा। राज्य के निवासी लद्दाख के सिंधु नदी की यात्रा पूरी करने के बाद यह अनुदान सरकार से ले सकते हैं। जानकारी के अनुसार, यात्रा पर होने वाले कुल खर्च का 50 फीसदी या प्रति तीर्थ यात्री 20 हजार रुपये में से जो भी कम हो, वो अनुदान के रूप में सरकार की ओर से जारी किया जाएगा।

बता दें कि बिहार पर्यटन विभाग की ओर से इस योजना का प्रस्ताव तैयार कर कैबिनेट के पास भेजा गया था, जिसके बाद बुधवार को मंत्रिमंडल की हुई बैठक में इसे मंजूरी मिल गई है। बैठक बाद इस मामले को लेकर बिहार कैबिनेट विभाग की ओर से जानकारी दी गई है, जिसमें कहा गया है कि लद्दाख भ्रमण करने वाले लोगों को यह अनुदान दिया जाएगा। इस योजना के तहत सिर्फ बिहार के लोगों को ही अनुदान का लाभ मिलेगा।

किसे मिलेगा इस योजना का लाभ?

बिहार सरकार ने इस योजना के तहत दिए जाने वाले अनुदान के लिए कुछ शर्तें भी रखी हैं। सिंधु दर्शन तीर्थ यात्रा वित्तीय सहायता अनुदान योजना 2026 का लाभ लेने के लिए आवेदनकर्ता का उम्र 18 साल या उससे अधिक होनी चाहिए। 18 साल से कम उम्र बच्चों एवं किशोरों को इसका लाभ नहीं मिलेगा। इस योजना से जुड़ी विस्तृत जानकारी बिहार पर्यटन विभाग की ओर से बाद में दी जाएगी।

योजना के पीछे सरकार का मकसद

बिहार सरकार की ओर से कहा गया है कि राज्य के लोगों को लद्दाख में मौजूद सिंधु नदी के भ्रमण और दर्शन कराने के साथ-साथ भारत की सांस्कृतिक एकता से जोड़ने  के मकसद से इस योजना को लागू किया जा रहा है। इसके पीछे सरकार का तर्क है कि लद्दाख यात्रा पर भारी खर्च होने के कारण कई लोग सिंधु नदी का दर्शन नहीं कर पाते हैं। अब बिहार सरकार की इस खास योजना के तहत लोगों को आर्थिक मदद की जाएगी, जिससे वह बिना किसी चिंता के सिंधु नदी का दर्शन और भ्रमण कर सकेंगे।

पटना से राजगीर के बीच हेलीकॉप्टर सेवा

बुधवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट मीटिंग में कई अहम फैसले लिए गए हैं। कैबिनट ने बिहार में टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए भी खास प्लान पर चर्चा की है। इसके साथ ही कैबिनेट ने हेली टूरिज्म और एयर टूरिज्म योजनाओं को मंजूरी दी है। इस योजना के तहत बिहार की राजधानी पटना से राजगीर, पटना से कैमूर, पटना से वाल्मीकिनगर के बीच हेलिकॉप्टर सेवा चालू किए जाएंगे। सरकार राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने और पर्यटकों आकर्षित करने के लिए कई अन्य परियोजनाओं पर भी काम कर रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com