

Bihar Election Tejaswi Yadav Declare Win: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की वोटिंग से पहले ही RJD नेता तेजस्वी यादव ने अपने शपथ ग्रहण की तारीख की घोषणा कर दी इसके बाद से सियासी पारा खूब चढ़ गया है। 6 और 11 नवंबर को होने वाले मतदान से पहले, महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने यह बड़ा दावा किया है। उन्होंने न सिर्फ अपनी जीत का पक्का भरोसा जताया है, बल्कि सरकार के शपथ ग्रहण की तारीख का भी ऐलान कर दिया है। तेजस्वी ने कहा है कि 14 नवंबर को नतीजे आने के ठीक चार दिन बाद 18 नवंबर को वह शपथ ले लेंगे।
चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक रहे तेजस्वी यादव ने यह टिप्पणी पूर्व विधायक अनंत सिंह की गिरफ्तारी को लेकर किए गए सवाल के ऊपर की। अनंत सिंह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जदयू के उम्मीदवार हैं, जिन पर जन सुराज समर्थक दुलार चंद यादव की हत्या के मामले में कार्रवाई हुई और उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। तेजस्वी ने कहा कि इतनी गंभीर घटना हुई थी, इसलिए यह (गिरफ्तारी) होना ही था। उन्होंने कहा कि चूंकि आज प्रधानमंत्री बिहार आ रहे हैं, उन्हें यह देखना चाहिए कि राज्य में शायद ही कोई दिन ऐसा बीतता हो जब कोई इसी तरह का जघन्य अपराध न होता हो।
RJD नेता तेजस्वी यादव ने अपनी होने वाली सरकार का रोडमैप भी मीडिया से शेयर किया है। उन्होंने कहा कि जैसे ही महागठबंधन की सरकार बनेगी, यह सब (अपराध) बदल जाएगा। उन्होंने बड़ा दावा करते हुए कहा कि 26 नवंबर से पहले हम यह सुनिश्चित करेंगे कि सभी अपराधी, चाहे वे किसी भी जाति या धर्म के हों, जेल में हों। तेजस्वी ने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार अपराधियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करेगी और कानून-व्यवस्था उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि वे अपनी जीत को लेकर पूरी तरह आश्वस्त हैं।
तेजस्वी यादव के शपथग्रहण की तारीख बताने और जीत के दावों पर भाजपा ने तीखा पलटवार किया है। भाजपा के दिग्गज नेता और सारण से लोकसभा सांसद राजीव प्रताप रूडी ने तेजस्वी पर तंज कसा। रूडी ने कहा कि तेजस्वी यादव ने ऐसी घोषणा तो कर दी है, लेकिन उन्हें (रूडी को) जानकारी मिली है कि वे (तेजस्वी) खुद विदेश यात्रा पर जाने का कार्यक्रम बना रहे हैं। राजीव प्रताप रूडी ने इसका कारण बताते हुए कहा कि तेजस्वी को पता चल गया है कि बिहार की जनता अब भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर ही भरोसा करती है।