'मुझे दुख कि मैं नकारी सरकार का समर्थन...', बढ़ते अपराध पर नीतीश पर भड़के चिराग

Bihar News: चिराग पासवान ने बिहार में बढ़ते अपराध को लेकर नीतीश सरकार पर सवाल उठाए। लगातार हो रही हत्याओं और बेकाबू हुए अपराधियों पर चिंता जताते हुए उन्होंने सरकार की कार्यप्रणाली पर प्रश्न किया।
चिराग पासवान ने कहा है कि उन्हें ऐसी सरकार का समर्थन करने में दुख हो रहा है जहां अपराध नियंत्रण से बाहर हैं।
बिहार के सीएम नीतीश कुमार व केन्द्रीय मंत्री चिराग पासवान (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Bihar Crime: बिहार में दो महीने बाद विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इससे पहले यहां की राजनीति में काफी घमासान मचा हुआ है। विपक्ष और सरकार तो एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा ही रहे हैं। इस बीच, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं को लेकर सरकार पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि मुझे दुख है कि मैं ऐसी सरकार का समर्थन कर रहा हूं जहां अपराध नियंत्रण से बाहर हो गए हैं।

पिछले कुछ दिनों में बिहार से हत्या मर्डर की लगातार खबरें सामने आ रही हैं। पिछले एक महीने के अंदर-अंदर 50 से ज्यादा हत्या के मामले सामने आ चुके हैं। दिनदहाड़े गोलीबारी और अस्पताल में हुई हत्या ने लोगों को डरा दिया है। यही वजह है कि अब सरकार से सवाल पूछे जा रहे हैं। सरकार का समर्थन करने वाले राजनीतिक दल भी अब सवाल उठा रहे हैं।

प्रशासन अपराधियों के आगे पूरी तरह नतमस्तक - चिराग

बिहार में बढ़ते अपराध के मुद्दे पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि जिस तरह से अपराध हो रहे हैं, प्रशासन अपराधियों के आगे पूरी तरह नतमस्तक हो गया है। यह सही है कि इस घटना की निंदा करना बेहद आवश्यक हो जाता है, लेकिन ऐसी घटनाएं क्यों हो रही हैं? इस पर बात पर विचार करना जरूरी है। अपराधों का सिलसिला चल रहा है। अगर ऐसा ही चलता रहा, तो स्थिति भयावह हो जाएगी, बल्कि हालात भी भयावह हो गए हैं।

ऐसी सरकार का समर्थन करना दुखद है - पासवान

चिराग पासवान ने कहा कि अगर बिहार में हो रही घटनाओं के बारे में कहा जाता है कि ये चुनाव के कारण हो रही हैं, तो मैं भी कह सकता हूं कि ऐसा हो सकता है। यह सरकार को बदनाम करने की साजिश भी हो सकती है, लेकिन फिर भी इसे नियंत्रित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि इन सबके बीच, मैं सरकार से समय रहते कदम उठाने का अनुरोध करता हूं। मुझे दुख है कि मैं ऐसी सरकार का समर्थन कर रहा हूं, जहां अपराध नियंत्रण से बाहर हो गया है।" उन्होंने कहा कि बिहार अब उनके नियंत्रण में नहीं है। लोग परेशान हैं।

बिहार सरकार के खिलाफ चिराग के बगावती तेवर

चिराग पासवान पिछले कुछ दिनों से लगातार सरकार पर सवाल उठा रहे हैं। इससे पहले, चिराग की पार्टी के अन्य सांसदों ने भी कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार को घेरा और यूपी की योगी सरकार से सीखने की बात कही।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com