बांकीपुर उपचुनाव में RJD ने रेखा गुप्ता पर जताया भरोसा, नितिन नवीन के इस्तीफे से खाली है सीट

Bihar Politics: राजद ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए रेखा गुप्ता को उम्मीदवार बनाया है। पार्टी ने महागठबंधन में किसी भी मतभेद से इनकार करते हुए एकजुट होकर चुनाव लड़ने का दावा किया।
RJD reposes faith in Rekha Gupta for Bankipur by-election; seat vacated after Nitin Naveen's resignation
तेजस्वी यादव और आरजेडी उम्मीदवार रेखा गुप्ता (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

RJD candidate Rekha Gupta: पटना की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने रेखा कुमारी उर्फ रेखा गुप्ता ने सोमवार को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है। राजद प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान इसकी घोषणा करते हुए कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में भी रेखा गुप्ता महागठबंधन की उम्मीदवार थीं और उन्होंने लगभग 47 हजार वोट हासिल कर दूसरा स्थान प्राप्त किया था।

पार्टी ने उनके प्रदर्शन और क्षेत्र में सक्रियता को देखते हुए एक बार फिर उन पर भरोसा जताया है। इस दौरान मंडल ने महागठबंधन में सीट को लेकर किसी भी तरह के मतभेद की खबरों को खारिज करते हुए कहा कि सभी सहयोगी दल एकजुट होकर चुनाव लड़ेंगे। बांकीपुर सीट भाजपा नेता नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद रिक्त हुई है और इसे बिहार की सबसे चर्चित चुनावी सीटों में माना जा रहा है।

राजद ने रेखा गुप्ता पर फिर जताया भरोसा

मंगनी लाल मंडल ने कहा, "बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में रेखा कुमारी गुप्ता महागठबंधन की उम्मीदवार थीं। उन्हें करीब 47 हजार वोट मिले थे और वह दूसरे स्थान पर रही थीं। पार्टी ने उनके पिछले प्रदर्शन और क्षेत्र में सक्रियता को देखते हुए एक बार फिर उन्हें उम्मीदवार बनाने का फैसला किया है।" उन्होंने कहा कि पार्टी का मानना है कि इस बार बांकीपुर की जनता बदलाव के पक्ष में मतदान करेगी और राजद की उम्मीदवार को जीत दिलाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ चुनाव प्रचार में जुटने की अपील भी की।

महागठबंधन पूरी तरह एकजुट

महागठबंधन के भीतर सीट को लेकर कांग्रेस के दावे संबंधी सवाल पर मंगनी लाल मंडल ने किसी भी तरह के मतभेद से इनकार किया। उन्होंने कहा कि महागठबंधन पूरी तरह एकजुट है और सहयोगी दलों के बीच किसी प्रकार का विवाद नहीं है। उन्होंने कहा, "हम लोग एक हैं और मिलकर चुनाव लड़ेंगे।"

नितिन नवीन के राज्यसभा जाने से खाली हुई सीट

दरअसल बांकीपुर विधानसभा सीट भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने के बाद रिक्त हुई है। निर्वाचन आयोग की ओर से उपचुनाव की अधिसूचना जारी किए जाने के साथ ही नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

प्रशांत किशोर की उम्मीदवारी से मुकाबला हुआ दिलचस्प

वहीं इस सीट पर जन सुराज पार्टी पहले ही अपने प्रमुख चेहरे प्रशांत किशोर को उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। वहीं, अन्य दल भी अपने-अपने उम्मीदवारों के साथ चुनावी मैदान में उतर रहे हैं। ऐसे में बांकीपुर उपचुनाव को बिहार की राजनीति का सबसे प्रतिष्ठित और बहुचर्चित मुकाबला माना जा रहा है। अब सभी की नजरें भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार की घोषणा और आगामी चुनावी मुकाबले पर टिकी हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com