छठी मईया का अपमान कर रही है RJD-कांग्रेस, मुजफ्फरपुर के चुनावी सभा में बोले पीएम मोदी

Narendra Modi: प्रधानमंत्री मोदी ने राजद और कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राजद-कांग्रेस वालों की पहचान 5 चीजों से है, जो कट्टा, क्रूरता, कटुता, कुशासन और करप्शन हैं।
Narendra Modi
बिहार के मुजफ्फरपुर में चुनाव सभा के दौरान पीएम मोदी, (सोर्स- बीजेपी)
Published on
Updated on

Bihar Assembly Elections 2025: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुजफ्फरपुर रैली में जबरदस्त हुजूम उमड़ा है। इसे देखकर प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि बारिश के बावजूद हुजूम लगातार आ रहा है। छठ महापर्व के बाद बिहार में अपनी पहली रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जब मैं मुजफ्फरपुर आता हूं तो सबसे पहले यहां की मिठास ध्यान खींच लेती है। यहां की लीची जितनी मीठी होती है, उतनी ही यहां की जनता की बोली मीठी है। उन्होंने कहा कि आपका यह प्यार मैं देख रहा हूं। लगातार रैली में हुजूम आ रहा है।

चुनाव सभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि मैं बिहार की जनता का कर्जदार हूं। रैली में बड़ी संख्या में युवा आए हैं। माता-बहनों का भी दर्शन कर रहा हूं। यह विशाल जन-सागर बता रहा है कि 'फिर एक बार, एनडीए सरकार'।

राजद-कांग्रेस पर पीएम मोदी का हमला

प्रधानमंत्री मोदी ने राजद और कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राजद-कांग्रेस वालों की पहचान 5 चीजों से है, जो कट्टा, क्रूरता, कटुता, कुशासन और करप्शन हैं। उन्होंने कहा कि बिहार का गौरव बढ़ाना, यहां की मीठी बोली, बिहार की संस्कृति को दुनिया के कोने-कोने में ले जाना, बिहार का विकास करना एनडीए-भाजपा की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। जब भारत समृद्ध था, तब उसमें बिहार की बहुत बड़ी भूमिका थी। आज विकसित भारत बनाने के लिए भी बिहार का विकसित होना बहुत जरूरी है।

RJD कभी बिहार की विकास नहीं कर सकती- पीएम

विपक्षी पार्टियों पर हमला बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि राजद-कांग्रेस कभी भी बिहार को विकसित नहीं बना सकते हैं। इन पार्टियों ने बरसों तक बिहार पर एकछत्र राज किया, लेकिन आपको सिर्फ विश्वासघात दिया। 5 शब्दों में राजद-कांग्रेस के कारनामों की कथा कहना चाहता हूं। ये पांच शब्द हैं, 'कट्टा, क्रूरता, कटुता, कुशासन और करप्शन'। यह जंगलराज की पहचान है। यह राजद और उनके साथियों की पहचान बन चुकी है। उन्होंने कहा कि जहां कट्टा और क्रूरता का राज हो, वहां कानून दम तोड़ता है। जहां कटुता बढ़ाने वाली राजद-कांग्रेस हो, वहां समाज में सद्भाव मुश्किल होता है। जहां राजद-कांग्रेस का कुशासन हो, वहां विकास का नामोनिशान नहीं होता है। जहां करप्शन होता है, वहां सामाजिक न्याय नहीं मिलता है। सिर्फ कुछ परिवार ही फलते-फूलते हैं।

'विपक्ष छठी मईया का अपमान करता है'

राजद-कांग्रेस पर हमला जारी रखते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ऐसे लोग कभी भी बिहार का भला नहीं कर सकते हैं। उन्होंने विपक्षी पार्टियों पर छठ मईया के अपमान का भी आरोप लगाया। पीएम मोदी ने कहा कि ये कांग्रेस और राजद के लोग छठी मईया का अपमान कर रहे हैं। जो महिलाएं निर्जला इतना लंबा व्रत रखती हैं, जो गंगा जी में खड़ी होकर सूर्यदेव को अर्घ्य देती हैं। वो राजद-कांग्रेस की नजर में ड्रामा करती हैं।

बिहार के लोग अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि क्या बिहार की माताएं-बहनें छठी मईया का ये अपमान बर्दाश्त करेंगी? मैं जानता हूं कि छठी मईया के इस अपमान को बिहार का कोई भी व्यक्ति भूल नहीं सकता। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार स्वाभिमान की धरती है। जिन लोगों ने छठ पूजा को गोली देने का काम किया है, बिहार ऐसे लोगों को कभी माफ नहीं करेगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com