बिहार में BJP ने काटा इन तीन दिग्गजों का टिकट, 6 सिटिंग विधायकों का पत्ता साफ, किस-किस पर गिरी गाज?

Bihar Assembly Election 2025 के लिए बीजेपी ने अपनी पहली लिस्ट मंगलवार को जारी की। लिस्ट जारी होते ही सियासी पारा चढ़ गया है, क्योंकि पार्टी ने कई बड़े नेताओं के टिकट काट दिए हैं। जानिए किनपर गिरी गाज।
bihar assembly election
बिहार में कई दिग्गजों के कट गए टिकट, फोटो- सोशल मीडिया
Published on
Updated on

Bihar Election 2025: बीजेपी ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए 71 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है। इसमें पूर्व कृषि मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह और निवर्तमान अध्यक्ष नंदकिशोर यादव सहित 3 दिग्गज विधायकों का टिकट काटा गया है।

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए बीजेपी ने अपनी पहली लिस्ट जारी कर सियासी पारा बढ़ा दिया है। पहली सूची में 71 नाम हैं। पार्टी ने कई अनुभवी और दिग्गज नेताओं के टिकट काट दिए हैं, जिससे नई पीढ़ी को चुनावी मैदान में उतरने का मौका मिला है और राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। भाजपा ने जिन 3 दिग्गज विधायकों के टिकट काटे हैं, उनमें वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कृषि मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह, विधानसभा के निवर्तमान अध्यक्ष नंदकिशोर यादव, और कुम्हरार के विधायक अरुण सिन्हा शामिल हैं। ये तीनों नेता क्रमशः आरा, पटना साहिब और कुम्हरार सीट से विधायक थे।

नंदकिशोर यादव ने किया पार्टी के फैसले का समर्थन

टिकट कटने के बाद पटना साहिब से लगातार 7 बार विजयी रहे निवर्तमान अध्यक्ष नंदकिशोर यादव ने एक बयान जारी किया और पार्टी के फैसले का समर्थन किया है। उन्होंने कहा, "मैं भारतीय जनता पार्टी के निर्णय के साथ हूं। भारतीय जनता पार्टी ने मुझे बहुत कुछ दिया है। मुझे पार्टी से कोई शिकायत नहीं है।" उन्होंने नई पीढ़ी का स्वागत और अभिनंदन किया।

इन सीटों पर उतरे नए चेहरे

पार्टी ने इन कटी सीटों पर नए चेहरों को मौका दिया है। आरा सीट से बीजेपी ने संजय सिंह 'टाइगर' को चुनावी मैदान में उतारा है। पटना साहिब से रत्नेश कुशवाहा को टिकट दिया गया है। वहीं, कुम्हरार सीट से संजय गुप्ता को उम्मीदवार बनाया गया है। इसके अलावा, दानापुर से रामकृपाल यादव चुनाव लड़ेंगे, और मंत्री राजू सिंह साहेबगंज से टिकट पाने में सफल रहे हैं।

अन्य सीटिंग विधायकों पर भी गिरी गाज

71 उम्मीदवारों की इस पहली सूची में कई अन्य सीटिंग विधायकों को भी बेटिकट किया गया है। इनमें रिगा से मोतीलाल - कानन, औराई से रामसूरत राय, राजनगर से रामप्रीत पासवान, बौराम से स्वर्णा सिंह गौड़ा, कटोरिया से डॉ. निक्की हेम्ब्रम, और सीतामढ़ी से मिथिलेश कुमार शामिल हैं।

एक और महत्वपूर्ण बदलाव नरपतगंज सीट पर हुआ है, जहां से विधायक रहे जय प्रकाश यादव का टिकट काटकर पूर्व विधायक देवंती यादव को टिकट दिया गया है। इस बीच, यह भी खबर है कि पूर्व बिहार और कोसी क्षेत्रों में भाजपा की नैया के खेवनहार 3 डिप्टी सीएम बनेंगे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com