नितिन नबीन के खास...और संगठन में मजबूत पकड़, कौन हैं अभिषेक कुमार? जिन्हें प्रशांत किशोर के सामने BJP ने उतारा

Bankipur By Election BJP Candidate: बांकीपुर से बीजेपी प्रत्याशी के तौर पर घोषित अभिषेक कुमार सिन्हा बंटी भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के बेहद खास नेताओं में से एक हैं।
abhishek kumar vs prashant kishor
कौन हैं बीजेपी उम्मीदवार अभिषेक कुमार सिन्हा बंटी, (AI जेनरेटेड इमेज)
Published on
Updated on

Bankipur By Election BJP Candidate Abhishek Kumar Sinha Banti: बिहार के पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने जा रहे उपचुनाव के लिए बीजेपी ने अभिषेक कुमार सिन्हा बंटी को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यध नितिन नबीन के राज्यसभा जाने के के बाद यह सीट खाली हुई थी। अभिषेक कुमार का मुकाबला जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर से होगा। इसके अलावा महागठबंधन की ओर से आरजेडी की कैंडिडेट रेखा गुप्ता भी यहां से चुनावी ताल ठोक रही हैं। बांकीपुर उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होना है, जबकि नतीजे 3 अगस्त को आएंगे।

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए बीजेपी की ओर से उम्मीदवार बनाए जाने पर अभिषेक कुमार सिन्हा बंटी ने कहा कि पार्टी ने एक आम कार्यकर्ता पर भरोसा किया है। उन्होंने कहा कि यह मेरे लिए खुशी का पल है। प्रशांत किशोर जैसे दिग्गज चेहरे से सीधे मुकाबले के सवाल पर उन्होंने कहा कि काम बोलता है, इसलिए कोई परेशानी नहीं है।

कौन हैं बीजेपी उम्मीदवार अभिषेक कुमार?

बांकीपुर से बीजेपी प्रत्याशी के तौर पर घोषित अभिषेक कुमार सिन्हा बंटी भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के बेहद खास नेताओं में से एक हैं। इसके अलावा वे बांकीपुर के स्थानीय कार्यकर्ता है बीजेपी प्रदेश संगठन में अलग-अलग पदों पर काम कर चुके हैं। नितिन नबीन बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के निवासी हैं और यहां से वे 5 बार चुनाव जीतकर बिहार विधानसभा के सदस्य रह चुके हैं। अब उनके राज्यसभा जाने के बाद पार्टी ने उनके उत्तराधिकारी के तौर पर अभिषेक कुमार को चुना है।

किस जाति से आते हैं अभिषेक कुमार?

बांकीपुर उपचुनाव में बीजेपी की ओर से उम्मीदवार बनाए गए अभिषेक कुमार सिन्हा कायस्थ जाति से ताल्लुक रखते हैं। इस विधानसभा के अंदर कायस्थ समुदाय के वोटरों की संख्या करीब 14 से 15 प्रतिशत है, जो कि नतीजे को बदलने में काफी अहम भूमिका निभाते हैं। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन भी इस जाति से आते हैं।

BJP युवा मोर्चा में अहम जिम्मेदारी

नितिन नबीन के खास बताए जा रहे अभिषेक कुमार संगठन में भी काफी सक्रिय है। वर्तमान समय में वह भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश अध्यक्ष हैं। हालांकि, इससे पहले वह पटना महानगर के भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष के तौर पर भी संगठन को मजबूत करने का काम कर चुके हैं। इसके अलावा वह पटना के मंडल मंत्री और महामंत्री भी रह चुके हैं। अभिषेक कुमार पटना में बीजेपी के उभरते युवा कायस्थ चेहरा हैं। जिसपर अब भाजपा ने भी बड़ा दांव खेला है।

बांकीपुर में प्रशांत किशोर से सामना

गौरतलब है कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में प्रशांत किशोर की एंट्री ने इसे हॉट सीट बना दिया है। जनसुराज के संस्थापक बीजेपी को उसके गढ़ में शिकस्त देने का दावा कर रहे हैं। यहां अभिषेक और प्रशांत के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिल सकता है, जो कि दोनों उम्मीदवारों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। एक तरफ प्रशांत किशोर किस लगातार इस क्षेत्र के लोगों की बीच जाकर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं और जनसंपर्क कर रहे हैं। वहीं, पिछले तीन दशक से भाजपा को भारी समर्थन मिलते आया है। अगर, इस बार भी यह ट्रेंड ऐसा ही रहा तो प्रशांत किशोर की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

पटना के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क के दौरान प्रशांत किशोर, (सोर्स-X/@jansuraajonline)

बांकीपुर विधानसभा सीट का समीकरण

पटना का बांकीपुर विधानसभा सीट बिहार की सियासत में काफी अहम मानी जाती है। बीते तीन दशक से इस सीट पर बीजेपी का कब्जा रहा है। भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन इसी सीट से 5 बार विधायक बने हैं। उससे पहले उनके पिता नबीन किशोर प्रसाद सिन्हा चार बार विधायक बनकर विधानसभा पहुंचे। साल 2008 में हुई परिसीमन के पहले बांकीपुर सीट का नाम पटना पश्चिम था। सबसे दिलचस्प बात यह है कि इस सीट पर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) कभी चुनाव नहीं जीत पाई, जबकि विधानसभा चुनावों में जन सुराज की प्रत्याशी वंदना कुमारी को हार का सामना करना पड़ा था।

https://youtu.be/iOf_Yvm0cK8?si=74zcaajZInvJMQxg

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com