बिहार में 7वीं की छात्रा से हैवानियत, दिनदहाड़े रोड से किया किडनैप, दरिंदों ने कहा- तू मेरी 22वीं शिकार…

Aurangabad Minor Gang Rape Case: बिहार के औरंगाबाद में सातवीं कक्षा की नाबालिग से कथित गैंगरेप मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीसरे आरोपी की तलाश में SIT छापेमारी कर रही है।
Bihar Minor Gang Rape Case
सांकेतिक तस्वीरSocial Media
Published on
Updated on

Bihar Minor Gang Rape Case: बिहार के औरंगाबाद जिले के कुटुंबा थाना क्षेत्र में सातवीं कक्षा में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा के साथ कथित गैंगरेप का मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपने माता-पिता के साथ थाने पहुंचकर तीन आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरा आरोपी फरार बताया जा रहा है।

पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। वहीं, पीड़िता को इलाज के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी उपेंद्रनाथ वर्मा के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया है।

अस्पताल जाते समय कार में खींचा

पुलिस को दिए बयान के मुताबिक, घटना के दिन नाबालिग अपने घर से पैदल कुटुंबा अस्पताल जा रही थी। उसकी मां पहले से बीमार छोटे भाई को लेकर अस्पताल गई हुई थी, जबकि उसके पिता मजदूरी के लिए बाहर गए थे।

पीड़िता के अनुसार, गांव से करीब एक किलोमीटर दूर पहुंचने पर पीछे से एक कार आई। कार में तीन युवक सवार थे। आरोप है कि युवकों ने कार रोककर उससे पूछा कि वह कहां जा रही है। अस्पताल जाने की जानकारी देने के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर उसे जबरन कार में बैठा लिया।

पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने उसका मुंह बंद कर दिया और मोबाइल फोन भी छीन लिया, ताकि वह किसी को मदद के लिए बुला न सके। उसने शोर मचाने और खुद को छोड़ने की गुहार लगाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी उसे लेकर आगे बढ़ गए।

सुनसान जगह ले जाकर रेप का आरोप

पुलिस के मुताबिक, आरोपी कथित तौर पर कार से अंबा बाजार होते हुए एनएच-139 की तरफ गए और शंकरपुर आरओबी के पास धावा गांव जाने वाले रास्ते पर पहुंचे। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि वहां उसके साथ मारपीट और यौन हिंसा की गई।

पीड़िता के मुताबिक, आरोपियों के बीच उसकी हत्या को लेकर बातचीत भी हुई। यह सुनकर उसने अपनी जान बचाने की गुहार लगाई और आरोपियों से कहा कि वे जहां बुलाएंगे, वह वहां आने के लिए तैयार रहेगी।

घर से पहले छोड़कर भागे आरोपी

पीड़िता के अनुसार, बाद में आरोपी उसे उसके घर से करीब डेढ़ किलोमीटर पहले छोड़कर फरार हो गए। जाते समय उसका मोबाइल फोन भी वापस कर दिया गया। इसके बाद उसने अपने दादा-दादी को फोन कर घटना की जानकारी दी और घर पहुंचकर परिवार को पूरी बात बताई।

इसके बाद सोमवार को पीड़िता अपने माता-पिता के साथ कुटुंबा थाने पहुंची और तीन आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

कार में रिकॉर्ड ऑडियो पुलिस को सौंपा

पीड़िता के परिजनों ने पुलिस को एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सौंपी है। परिजनों का दावा है कि यह ऑडियो घटना के दौरान पीड़िता के मोबाइल से रिकॉर्ड हुआ था। रिकॉर्डिंग में तेज आवाज में भोजपुरी गाना बजने की बात कही गई है।

परिजनों के मुताबिक, ऑडियो में एक आरोपी कथित तौर पर 21 लड़कियों को अपना शिकार बनाने की बात कर रहा है।

Bihar Minor Gang Rape Case
दिल्ली गैंगरेप केस: फॉरेंसिक टीम के हाथ लगे सबूत, पीड़िता-आरोपियों के मिले फिंगरप्रिंट, DNA रिपोर्ट का इंतजार

दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरे की तलाश

औरंगाबाद के एसपी उपेंद्रनाथ वर्मा के निर्देश पर मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है। पुलिस ने दो आरोपियों को उनके गांव से गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

बिहार पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com