सरकार बदली तो छीन लेंगे योगी का बुलडोजर...रोहतास में गरजे अखिलेश, एक साथ साधा बिहार और उत्तर प्रेदश

Bihar Chunav 2025: महागठबंधन के लिए चुनाव प्रचार करने बिहार पहुंचे सपा मुखिया अखिलेश यादव ने योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सरकार बदली तो उनका बुलडोजर छीन लेंगे।
akhilesh-yadav-rohtas-rally-targets-yogi-adityanath-on-bulldozer
कॉन्सेप्ट फोटो (डिजाइन)
Updated on

Akhilesh Yadav in Bihar: बिहार में पहले चरण के लिए गुरुवार यानी 6 नवंबर को वोटिंग होनी है, जिसके लिए चुनाव प्रचार बस कुछ ही देर में थमने वाला है। यही वजह है कि पहले चरण के प्रचार के आखिरी दिन सभी सियासी दलों ने पूरी ताकत झोंक रखी है। इसी कड़ी में सपा मुखिया अखिलेश यादव भी बिहार पहुंचे हुए हैं।

उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम और कन्नौज से समाजवादी पार्टी के सांसद अखिलेश यादव भी बिहार में महागठबंधन के चुनाव अभियान को धार दे रहे हैं। मंगलवार को उन्होंने रोहतास पहुंचे और यहां आरजेडी प्रत्याशी के राजेश यादव के लिए जनता से वोट की अपील की। इस दौरान उन्होंने यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ को भी आड़े हाथों लिया।

रोहतास में दहाड़े अखिलेश यादव

रोहतास के दिनारा स्थित दावथ में एक चुनावी रैली में उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि अगर बिहार की जनता इस बार बिहार में सरकार बदल देती है, तो अगली बार वह तुरंत उत्तर प्रदेश में भी सरकार बदल देगी।

'...तो छीन लेंगे योगी का बुलडोजर'

उन्होंने दिनारा से राजद उम्मीदवार राजेश यादव के लिए वोट मांगे और योगी आदित्यनाथ का नाम लिए बिना कहा कि वह लखनऊ के इस आदमी को अच्छी तरह जानते हैं और जब बिहार में सरकार बदलेगी, तो उत्तर प्रदेश में भी सरकार बदलेगी। उन्होंने कहा, "जब उत्तर प्रदेश में सरकार बदलेगी, तो हम उनका बुलडोजर भी छीन लेंगे क्योंकि बुलडोजरों में दिमाग नहीं होता।"

'अवध की तरह बिहार हारगे बीजेपी'

सपा मुखिया ने कहा कि इस बार बिहार में भाजपा की हार होगी। सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज का चुनाव बिहार से बेरोजगारी और भाजपा को खत्म करने का है। उन्होंने कहा कि बिहार में भाजपा की हार के दो मुख्य कारण गरीबी और भाजपा हैं। उन्होंने आगे कहा कि जिस तरह अवध में भाजपा को हराया गया, उसी तरह बिहार में भी सांप्रदायिक राजनीति करने वालों को खदेड़ना होगा।

अखिलेश यादव ने युवाओं से बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में तेजस्वी यादव का समर्थन करने की अपील करते हुए कहा कि बड़े लोग न तो मोबाइल फोन चलाना जानते हैं, न ही सोशल मीडिया चलाना और न ही रील बनाना। लेकिन आज के युवा सब कुछ जानते हैं। इसलिए उन्हें आगे आकर तेजस्वी को मुख्यमंत्री बनाना चाहिए। नोखा से राजद प्रत्याशी और पूर्व मंत्री अनीता देवी भी मंच पर मौजूद थीं।

Navbharat Live
navbharatlive.com