लाखों की नहीं, करोड़ों की कार भी सुरक्षित नहीं, Rolls-Royce की 102 गाड़ियां रिकॉल, पीछे बैठना पड़ सकता है भारी

Cullinan Recall Issue: Rolls-Royce ने अमेरिका में अपनी 102 गाड़ियों को रिकॉल करने का फैसला लिया है। यह कदम सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।
Rolls-Royce recalls 102 vehicles, making the back seat a potentially risky place to sit.
Rolls Royce (Source. Rolls Royce)
Updated on

Car Safety Problem: लग्जरी कार खरीदने वाले अक्सर इसे सबसे सुरक्षित मानते हैं, लेकिन इस बार एक बड़ी खबर ने सभी को चौंका दिया है। Rolls-Royce ने अमेरिका में अपनी 102 गाड़ियों को रिकॉल करने का फैसला लिया है। यह कदम सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है, जिससे ग्राहकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, इन गाड़ियों की रियर सीट्स में लगे कुछ जरूरी बोल्ट ठीक से टाइट नहीं किए गए थे। ये बोल्ट सीट बेल्ट और बैकरेस्ट को मजबूती से पकड़कर रखते हैं। अगर ये बोल्ट ढीले हों, तो दुर्घटना के समय सीट बेल्ट सही तरीके से काम नहीं करेगी और सीट अपनी जगह से हिल सकती है। ऐसे में पीछे बैठने वाले यात्रियों के लिए यह गंभीर खतरा बन सकता है।

कैसे सामने आई यह बड़ी खामी?

इस समस्या का खुलासा तब हुआ जब एक कार से पीछे की तरफ से अजीब आवाज आई। जांच करने पर पाया गया कि एक बोल्ट ढीला था। इसके बाद कंपनी ने अन्य गाड़ियों की जांच की, जिसमें एक और वाहन में यही समस्या सामने आई। इससे यह स्पष्ट हो गया कि यह केवल एक गाड़ी की समस्या नहीं, बल्कि कई यूनिट्स में हो सकती है। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे National Highway Traffic Safety Administration (NHTSA) को रिपोर्ट किया गया, जिसके बाद आधिकारिक रिकॉल प्रक्रिया शुरू की गई।

ग्राहकों को क्या सलाह दी गई है?

Rolls-Royce ने अपने ग्राहकों को साफ तौर पर सलाह दी है कि जब तक यह समस्या पूरी तरह ठीक नहीं हो जाती, तब तक गाड़ी की पीछे वाली सीट का इस्तेमाल न करें। साथ ही, पीछे की सीट पर सामान रखने से भी बचने को कहा गया है, ताकि किसी भी संभावित जोखिम को टाला जा सके।

किन गाड़ियों में आई दिक्कत?

यह समस्या खासतौर पर Rolls-Royce Cullinan मॉडल में पाई गई है। कंपनी अब सभी प्रभावित गाड़ियों की जांच करेगी और जिनमें खामी मिलेगी, उनमें बोल्ट को सही तरीके से टाइट किया जाएगा या जरूरत पड़ने पर बदला जाएगा। सबसे राहत की बात यह है कि अभी तक इस समस्या के कारण किसी भी दुर्घटना या चोट की कोई खबर सामने नहीं आई है।

ध्यान दें

यह घटना दिखाती है कि चाहे कार कितनी भी महंगी क्यों न हो, सुरक्षा में छोटी सी चूक भी बड़ा खतरा बन सकती है। ऐसे में समय पर रिकॉल और सावधानी ही सबसे बड़ा समाधान है।

Navbharat Live
navbharatlive.com