

Highlight:
PUC बनवा रखा है क्या उन्हें भी नए नियम के तहत लंबी वैधता मिलेगी?
पुराने सर्टिफिकेट की अवधि अपने आप नहीं बदलेगी।
नई व्यवस्था अगली बार रिन्यूअल कराने के बाद लागू होगी।
New PUC Certificate Rules 2026: देश में नए PUC Certificate Rules लागू होने के बाद वाहन मालिकों के मन में कई सवाल हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिन लोगों ने पहले से प्रदूषण जांच प्रमाणपत्र (PUC) बनवा रखा है क्या उन्हें भी नए नियम के तहत लंबी वैधता मिलेगी? सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के नए संशोधन ने बताया है कि पुराने सर्टिफिकेट की अवधि अपने आप नहीं बदलेगी। उस पर नई व्यवस्था अगली बार रिन्यूअल कराने के बाद लागू होगी। जिसका सीधा मतलब है कि अभी के लिए वैध PUC रखने वाले वाहन मालिकों को तुरंत दोबारा जांच कराने की जरूरत नहीं है।
नए नियमों में साफ किया गया है कि संशोधन लागू होने से पहले जारी किए गए PUC सर्टिफिकेट अपनी मौजूदा एक्सपायरी डेट तक मान्य रहेंगे। उदाहरण के लिए बता दें कि अगर आपकी निजी BS-VI कार चार साल पुरानी है और उसके पास एक साल की वैधता वाला PUC है तो वह अचानक तीन साल का नहीं हो जाएगा। अगली बार रिन्यूअल कराने पर नई अवधि लागू होगी।
नए नियमों में PUC की वैधता वाहन के एमिशन स्टैंडर्ड, उम्र और इस्तेमाल के आधार पर तय की गई है।
BS-VI निजी वाहन: पहली रजिस्ट्रेशन तारीख से 6 साल तक 3 साल, 6 से 10 साल तक 1 साल और 10 साल से पुराने वाहन के लिए 6 महीने।
BS-VI कमर्शियल वाहन: 6 साल तक 2 साल, 6 से 10 साल तक 1 साल और 10 साल से पुराने वाहन के लिए 6 महीने।
BS-IV वाहन: 6 महीने।
BS-I, BS-II और BS-III वाहन: 3 महीने।
इससे नए BS-VI निजी वाहनों को बार-बार PUC टेस्ट कराने से राहत मिलेगी जबकि पुराने वाहनों की जांच ज्यादा नियमित होगी।
नए नियमों में बताया गया है कि मौजूदा सर्टिफिकेट की एक्सपायरी से पहले के आखिरी 10 दिनों में रिन्यूअल कराने पर नया सर्टिफिकेट पुरानी समाप्ति तारीख से प्रभावी होगा। इससे बची हुई वैधता का नुकसान नहीं होगा। लेकिन सर्टिफिकेट एक्सपायर होने के बाद रिन्यूअल कराने पर नई वैधता टेस्ट या रिन्यूअल की तारीख से शुरू होगी।
अगर आपका PUC सर्टिफिकेट अभी वैध है तो सिर्फ नए नियमों के कारण दोबारा टेस्ट कराने की जरूरत नहीं है। उसकी एक्सपायरी डेट जरूर जांचें। अगली बार रिन्यूअल से पहले अपनी गाड़ी की पहली रजिस्ट्रेशन तारीख और BS एमिशन कैटेगरी देख लें। इससे आप सही समय पर सर्टिफिकेट रिन्यू करा सकेंगे और ट्रैफिक जांच के दौरान परेशानी से बचेंगे।