

Highlight:
TVS Star City Plus कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर नहीं आ रही है।
TVS Motor ने प्रोडक्शन या बिक्री बंद करने को लेकर आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
इसे बाइक के संभावित डिस्कंटिन्यूएशन का संकेत माना जा सकता है।
TVS Star City Plus In Indian Market: भारतीय टू-व्हीलर बाजार में TVS की एक पुरानी कम्यूटर बाइक का सफर खत्म हो सकता है। बता दें कि करीब 12 साल पहले लॉन्च हुई TVS Star City Plus अब कंपनी की आधिकारिक भारतीय वेबसाइट पर नजर नहीं आ रही है। इससे इसके बंद होने की अटकलें तेज हो गई हैं। लेकिन TVS Motor ने अभी तक इसके प्रोडक्शन या बिक्री बंद करने को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। ऐसे में फिलहाल इसे बाइक के संभावित डिस्कंटिन्यूएशन का संकेत माना जा सकता है।
TVS ने Star City Plus के बारे में बताए तो इसको मई 2014 में भारतीय बाजार में उतारा था। लॉन्च के समय इसकी शुरुआती कीमत 41,500 रुपये (एक्स-शोरूम, दिल्ली) रखी गई थी। यह कंपनी की किफायती 110cc कम्यूटर बाइक में शामिल थी। इसी सेगमेंट में TVS Radeon और Sport भी मौजूद हैं। Star City Plus के वेबसाइट से हटने के बावजूद ये दोनों मॉडल कंपनी के पोर्टफोलियो में बने हुए हैं।
Star City Plus को पिछले कई सालों में कोई बड़ा अपडेट नहीं मिला था। इसका सबसे अहम अपडेट BS6 उत्सर्जन नियम लागू होने के दौरान आया था। इसके बाद बाइक में बड़े बदलाव देखने को नहीं मिले। माना जा रहा है कि कम होती लोकप्रियता और कंपनी की दूसरी कम्यूटर बाइक Radeon से मिलती-जुलती खूबियां इसके संभावित डिस्कंटिन्यूएशन की वजह हो सकती हैं। लेकिन ये वजहें फिलहाल रिपोर्ट्स पर आधारित हैं कंपनी की पुष्टि नहीं।
TVS Star City Plus में फीचर्स को देखे तो इसमें 109.7cc का सिंगल-सिलेंडर, एयर-कूल्ड इंजन मिलता था। यह 8.2hp की पावर और 8.7Nm का टॉर्क जनरेट करता था। इंजन के साथ 4-स्पीड गियरबॉक्स दिया गया था। बाइक में LED हेडलैंप, USB चार्जर और सेमी-डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर जैसे फीचर्स भी थे। इसके रियर सस्पेंशन में 5-स्टेप एडजस्टेबल प्रीलोड की सुविधा मिलती थी। इसकी आखिरी दर्ज कीमत करीब 72,000 रुपये (एक्स-शोरूम) थी।
100-110cc कम्यूटर सेगमेंट में Star City Plus का मुकाबला Hero Splendor जैसी लोकप्रिय बाइक से था। कम कीमत और रोजाना इस्तेमाल को ध्यान में रखकर तैयार की गई यह बाइक उन ग्राहकों के लिए विकल्प थी जो किफायती कम्यूटर मोटरसाइकिल चाहते थे। अगर TVS इसकी बिक्री बंद करने का फैसला करती है तो कंपनी के एंट्री-लेवल बाइक पोर्टफोलियो में एक पुराना नाम कम हो जाएगा।