

Highlight:
Maruti Suzuki India ने अपने चुनिंदा कार मॉडल्स की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है।
कंपनी ने 22 नवंबर 2026 से नई कीमतें लागू कर दी हैं।
कीमतों में वॉल्यूम-वेटेड औसत आधार पर करीब 0.31 फीसदी की बढ़ोतरी की गई है।
Maruti Suzuki Car Price Hike 2026: आप Maruti Suzuki की नई कार खरीदने की तैयारी कर रहे हैं तो अब आपको अपनी जेब थोड़ी ज्यादा ढीली करनी पड़ सकती है। देश की प्रमुख कार निर्माता कंपनी Maruti Suzuki India ने अपने चुनिंदा कार मॉडल्स की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। बताया जा रहा है कि कंपनी ने 22 नवंबर 2026 से नई कीमतें लागू कर दी हैं। इस बार कीमतों में वॉल्यूम-वेटेड औसत आधार पर करीब 0.31 फीसदी की बढ़ोतरी की गई है। कंपनी ने इस फैसले के पीछे लगातार बढ़ रही लागत को वजह बताया है। लेकिन सभी कारों की कीमतों में एक समान इजाफा नहीं किया गया है।
कंपनी ने स्टॉक एक्सचेंज में दाखिल जानकारी में बताया कि उत्पादन और दूसरी लागतों पर लगातार दबाव बना हुआ है। कंपनी ने इसको लेकर बताया है कि खर्च कम करने की कोशिशों के बावजूद कुछ अतिरिक्त लागत का बोझ ग्राहकों तक पहुंचाना जरूरी हो गया है। लेकिन कंपनी ने यह भी कहा है कि ग्राहकों पर इसका असर कम से कम रखने की कोशिश की गई है। वहीं Maruti Suzuki ने अपनी एक्सचेंज फाइलिंग में कहा, "लगातार बढ़ते लागत दबाव को देखते हुए, कंपनी ने 22 नवंबर 2026 से चुनिंदा मॉडलों की कीमतें बढ़ाने का फैसला किया है।"
देखे तो वित्त वर्ष 2026 से 27 की पहली छमाही में कंपनी पहले भी तीन बार कीमतों में बदलाव कर चुकी है। इन बढ़ोतरी का कुल असर एक फीसदी से थोड़ा ज्यादा रहा था। वहीं अब नवंबर में हुई नई बढ़ोतरी के साथ यह इस वित्त वर्ष में चौथा प्राइस रिवीजन है। लेकिन कंपनी ने फिलहाल उन कारों के नाम और अलग-अलग वेरिएंट की नई कीमतों का खुलासा नहीं किया है जिन पर यह बढ़ोतरी लागू होगी। ऐसे में किसी खास मॉडल की कीमत कितनी बढ़ी है इसकी जानकारी के लिए ग्राहकों को अधिकृत डीलरशिप से संपर्क करना होगा।
Maruti Suzuki की दूसरी तिमाही के नतीजों में भी लागत का दबाव देखने को मिला था। जिसमें जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 26.36 फीसदी गिरकर 2,466.1 करोड़ रुपये रह गया। वहीं ऑपरेटिंग EBITDA मार्जिन पिछले साल के 12.7 फीसदी से घटकर 9.4 फीसदी पर आ गया। जिसको लेकर कंपनी का कहना है कि वेस्ट एशिया संघर्ष से जुड़ी कमोडिटी लागत में बढ़ोतरी का असर ऑपरेटिंग परफॉर्मेंस पर पड़ा।
मुनाफे में गिरावट के बावजूद कंपनी को दूसरी छमाही में बिक्री बढ़ने की उम्मीद है। बताया जा रहा है कि Maruti Suzuki को त्योहारी मांग, मजबूत ऑर्डर बैकलॉग और डीलरशिप पर बेहतर इन्वेंट्री मैनेजमेंट से मदद मिलने की उम्मीद है। अप्रैल से सितंबर के बीच कंपनी की घरेलू डिस्पैच 31.6 फीसदी बढ़कर 11.46 लाख गाड़ियां रही।