

Ola Roadster X+: भारत की प्रमुख EV निर्माता कंपनी Ola Electric ने महज चार साल में एक बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है। कंपनी का दावा है कि उसने 2021 में उत्पादन शुरू करने के बाद से अब तक 10 लाख इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर यूनिट्स का प्रोडक्शन पूरा कर लिया है। यह उपलब्धि तमिलनाडु के कृष्णागिरी स्थित कंपनी की फ्यूचर फैक्ट्री में दर्ज की गई। खास बात यह रही कि इस ऐतिहासिक मौके को सेलिब्रेट करने के लिए कंपनी ने 10 लाखवें मॉडल के रूप में स्पेशल एडिशन ओला रोडस्टर X+ लॉन्च किया।
Ola Electric ने 2021 में S1 इलेक्ट्रिक स्कूटर रेंज के साथ अपने सफर की शुरुआत की थी। यही स्कूटर रेंज ब्रांड की कामयाबी की नींव बनी। इसके बाद कंपनी ने अपने पोर्टफोलियो का विस्तार करते हुए इस साल रोडस्टर इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल रेंज पेश की, जिसकी पहली पेशकश रोडस्टर X+ रही। हालांकि इस दौरान कंपनी को कई विवादों का सामना भी करना पड़ा, जिनमें विश्वसनीयता को लेकर सवाल, बैटरी में आग लगने की घटनाएं और सर्विस से जुड़ी शिकायतें शामिल रहीं। इसके बावजूद Ola ने मार्केट में अपनी मजबूत पकड़ बनाई। VAHAN डेटा के अनुसार, अगस्त 2025 तक Ola Electric, TVS के बाद भारत का दूसरा सबसे बड़ा इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर निर्माता रहा।
Ola Electric ने अपनी इस कामयाबी पर बयान जारी करते हुए कहा, "यह हर उस भारतीय का उत्सव है, जिसने ब्रांड पर भरोसा किया। पिछले चार सालों से हम भारत के ईवी टू-व्हीलर लीडर बने हुए हैं। हमने बड़े पैमाने पर प्रोडक्शन किया और यह साबित किया कि विश्व स्तरीय उत्पाद भारत में ही डिजाइन, इंजीनियर और निर्मित किए जा सकते हैं। यह मील का पत्थर बताता है कि हमने कितनी तरक्की की है और असली सफर अभी शुरू हुआ है।"
कंपनी ने इस उपलब्धि को खास बनाने के लिए Ola Roadster X+ का स्पेशल एडिशन पेश किया है।
Ola Electric का यह मील का पत्थर भारत की EV इंडस्ट्री के तेजी से बढ़ते कदमों की गवाही देता है। मात्र चार साल में 10 लाख यूनिट्स का उत्पादन करना यह साबित करता है कि भारतीय बाजार अब इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए पहले से कहीं अधिक तैयार है।