रातभर खड़ी कार, फिर भी बैटरी डाउन, इस वजह से Electric Vehicle में आती है परेशानी

Electric Vehicle Battery: इलेक्ट्रिक वाहनों का चलन तेजी से बढ़ रहा है, लेकिन इसके साथ कुछ नई परेशानियां भी सामने आ रही हैं। आम समस्या है गाड़ी को रातभर खड़ा रखने पर बैटरी का खत्म होना।
Car Parked Overnight, Yet the Battery Is Dead Electric Vehicle
Electric Vehicle (Source. Freepik)
Published on
Updated on

EV Maintenance: आज के समय में इलेक्ट्रिक वाहनों का चलन तेजी से बढ़ रहा है, लेकिन इसके साथ कुछ नई परेशानियां भी सामने आ रही हैं। इनमें सबसे आम समस्या है गाड़ी को रातभर खड़ा रखने के बाद भी बैटरी का धीरे-धीरे कम होना। आमतौर पर लोग सोचते हैं कि अगर कार बंद है तो बैटरी बिल्कुल खर्च नहीं होगी, लेकिन हकीकत इससे अलग है।

लिथियम-आयन बैटरी की असली सच्चाई

Electric Vehicle में इस्तेमाल होने वाली लिथियम-आयन बैटरी में हल्का डिस्चार्ज होना एक सामान्य प्रक्रिया है। यानी अगर वाहन कुछ समय तक खड़ा रहता है, तो बैटरी का थोड़ा प्रतिशत कम होना स्वाभाविक है। इसके अलावा, गाड़ी के कई सिस्टम बंद होने के बाद भी बैकग्राउंड में चलते रहते हैं। जैसे बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम, सिक्योरिटी फीचर्स, रिमोट कनेक्टिविटी और सॉफ्टवेयर अपडेट ये सभी मिलकर धीरे-धीरे बैटरी का इस्तेमाल करते रहते हैं।

मौसम भी बनता है बड़ा कारण

बैटरी पर मौसम का सीधा असर पड़ता है। बहुत ज्यादा ठंड में बैटरी की केमिकल प्रक्रिया धीमी हो जाती है, जिससे उसकी क्षमता कम महसूस होती है। वहीं, ज्यादा गर्मी बैटरी के अंदरूनी हिस्सों को नुकसान पहुंचा सकती है और उसकी परफॉर्मेंस घटा सकती है। कई बार बैटरी को सुरक्षित तापमान में रखने के लिए कार का सिस्टम खुद ही हीटिंग या कूलिंग करता है, जिससे भी थोड़ी Electric Vehicle की बैटरी खर्च होती रहती है।

डैशबोर्ड अलर्ट को नजरअंदाज करना पड़ सकता है भारी

अगर आपकी गाड़ी की बैटरी रातभर में ही काफी ज्यादा कम हो जाती है, तो यह सामान्य नहीं है। इसके पीछे बैटरी की खराब स्थिति, चार्जिंग सिस्टम में गड़बड़ी या किसी फीचर का लगातार चालू रहना कारण हो सकता है। साथ ही, अगर गाड़ी की रेंज कम होने लगे, बार-बार चार्ज करना पड़े या चार्जिंग में ज्यादा समय लगे, तो ये बैटरी के कमजोर होने के संकेत हैं। ऐसे में डैशबोर्ड पर आने वाले अलर्ट को नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है।

बैटरी की लाइफ बढ़ाने के आसान तरीके

Electric Vehicle की बैटरी को लंबे समय तक बेहतर बनाए रखने के लिए कुछ आसान आदतें अपनाना जरूरी है। अगर गाड़ी को लंबे समय तक खड़ा करना है, तो बैटरी को बहुत कम स्तर पर न छोड़ें, बल्कि मध्यम स्तर पर रखें। बार-बार फुल चार्ज या पूरी तरह डिस्चार्ज करने से बचें। जरूरत पड़ने पर ही फास्ट चार्जिंग का इस्तेमाल करें। साथ ही, कोशिश करें कि गाड़ी को बहुत ज्यादा गर्म या ठंडे वातावरण में पार्क न करें। छांव या कवर वाली जगह बैटरी के लिए ज्यादा सुरक्षित होती है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com