Tesla Roadster हवा में लगाएगी छलांग, SpaceX की तकनीक से लैस कार में क्या होगा खास, जानें 5 बड़े सवालों के जवाब

सिमरन सिंह

Highlight:

  • Tesla की उठती हुई कार का वायरल वीडियों सोशल मीडिया पर मशहूर।

  • नई कार को लेकर बड़े 5 सवाल जो लोगों के मन में आते है।

  • 2028 में आ सकती है शानदार उठने वाली कार।

Tesla Flying Car Important Question: Tesla Roadster एक बार फिर चर्चा में है। बता दें कि कंपनी ने अपनी दूसरी पीढ़ी की इलेक्ट्रिक स्पोर्ट्स कार को ऐसे फीचर्स के साथ पेश किया है जो आम कारों से बिल्कुल अलग हैं। वहीं अमेरिका के टेक्सास स्थित SpaceX की टेस्ट फैसिलिटी में हुए प्रदर्शन के दौरान कार को हवा में उछलते, बीच हवा में घूमते और दूसरी गाड़ियों के ऊपर से गुजरते दिखाया गया। इसमें SpaceX से जुड़ी कोल्ड-गैस थ्रस्टर तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। लेकिन इसे पूरी तरह उड़ने वाली कार कहना सही नहीं होगा। आइए जानते हैं इससे जुड़े पांच बड़े सवालों के जवाब।

1. क्या सच में हवा में उड़ सकती है Tesla Roadster?

Tesla के प्रदर्शन में Roadster ने कुछ समय के लिए जमीन छोड़ी और हवा में कलाबाजी की। इसके लिए कार में हाई-प्रेशर गैस छोड़ने वाले थ्रस्टर लगाए गए हैं। ये नोजल अलग-अलग दिशाओं में जोर पैदा करते हैं जिससे कार की हवा में स्थिति बदल सकती है।

लेकिन यह प्रदर्शन सीमित समय की छलांग और करतब दिखाता है न कि विमान की तरह लगातार उड़ने की क्षमता देता है। इसलिए इसे फिलहाल उड़ने वाली कार के बजाय खास एयरोस्पेस तकनीक वाली इलेक्ट्रिक स्पोर्ट्स कार समझना बेहतर होगा।

2. SpaceX की तकनीक कैसे करती है काम?

Roadster के खास वर्जन में कोल्ड-गैस थ्रस्टर दिए गए हैं। जिसको आसान भाषा में समझें तो दबाव में रखी गैस को नोजल से तेजी से बाहर निकालने पर विपरीत दिशा में जोर पैदा होता है। इसी सिद्धांत का इस्तेमाल अंतरिक्ष यान की दिशा नियंत्रित करने में भी किया जाता है।

इसके अलावा कार में सक्शन फैन सिस्टम दिखाया गया है जो सतह की ओर खिंचाव पैदा करके पकड़ बढ़ाने में मदद करता है। वहीं कंपनी के प्रदर्शन में इसी तकनीक की मदद से कार को घुमावदार ट्रैक पर उल्टा चलते हुए दिखाया गया।

3. कितनी है रफ्तार और एक्सेलरेशन?

इसको लेकर Tesla का दावा है कि Roadster की टॉप स्पीड 230 मील प्रति घंटा यानी करीब 370 किलोमीटर प्रति घंटा से ज्यादा होने वाला है। वहीं कंपनी ने थ्रस्टर वाले वर्जन के लिए 0 से 60 मील प्रति घंटा की रफ्तार एक सेकंड से कम समय में हासिल करने का दावा भी किया है। इसमें प्रदर्शन के दौरान 0.81 सेकंड का आंकड़ा दिखाया गया। लेकिन इन दावों को स्वतंत्र परीक्षण से साबित होना अभी बाकी है। खासकर इतनी तेज एक्सेलरेशन में टायरों की पकड़ और सुरक्षा अहम सवाल बने रहेंगे।

4. कब शुरू होगा प्रोडक्शन और कितनी होगी कीमत?

बता दें कि Tesla ने 2028 में Roadster का प्रोडक्शन शुरू करने का लक्ष्य बताया है। यह तारीख अभी कंपनी की योजना है ग्राहकों को डिलीवरी मिलने की गारंटी नहीं। इस कार की शुरुआत 2017 में हुई थी और इसका लॉन्च पहले भी कई बार टल चुका है।

वहीं कंपनी ने नई Roadster की अंतिम कीमत की घोषणा नहीं की है। इसका खास Rocket वर्जन केवल निमंत्रण के आधार पर उपलब्ध होगा और सार्वजनिक सड़कों पर इस्तेमाल के लिए स्वीकृत नहीं है। ऐसे में इसकी तकनीक जितनी आकर्षक है आम ग्राहकों के लिए इसकी उपलब्धता और व्यावहारिक उपयोग को लेकर उतने ही सवाल हैं।

5. Tesla के लिए क्यों अहम है यह कार?

Roadster का मकसद सिर्फ ज्यादा कारें बेचना नहीं बल्कि Tesla की इंजीनियरिंग क्षमता और SpaceX के साथ तकनीकी तालमेल दिखाना भी है। इसकी असली सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि कंपनी इन प्रयोगात्मक फीचर्स को कितनी सुरक्षित और व्यावहारिक तरीके से उत्पादन वाली कार में शामिल कर पाती है।