

SpaceX Communication Plan For India: एलन मस्क की सैटेलाइट कम्युनिकेशन कंपनी स्टारलिंक ने भारत के लिए खास सिक्योरिटी कंट्रोल बनाने का दावा किया है। कंपनी के अनुसार देश में 20 गेटवे साइट्स तैयार की हैं। स्पेसएक्स में स्टारलिंक बिजनेस ऑपरेशन्स की वाइस प्रेसिडेंट लॉरेन ड्रायर ने कहा कि कंपनी भारतीय यूजर्स का डेटा भारत में ही रख रही है। यह बात इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2026 कार्यक्रम में बोली। ड्रायर ने कहा कि स्टारलिंक ने भारतीय मार्केट को सर्विस देने के लिए जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने में निवेश किया है।
भारत सरकार ने देश में सर्विस देने के लिए स्टारलिंक समेत तीन सैटेलाइट कम्युनिकेशन कंपनियों को लाइसेंस दिए हैं। उन्होंने कहा कि हमने भारतीय सिक्योरिटी जरूरतों और दूसरे नियमों को ध्यान में रखते हुए खास तौर पर भारत के लिए अपने स्टारलिंक ऑपरेशन्स तैयार किए हैं, भारत के लिए हर लेयर पर कंट्रोल बनाए हैं और भारतीय यूज़र्स का डेटा भारत में ही रखा है।
कार्यक्रम में बोलते हुए, स्टारलिंक की VP ने कहा कि कंपनी ने भारत में पहले ही निवेश करके जमीनी इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार कर लिया है। इसमें सैकड़ों एंटीना वाले 20 गेटवे साइट्स शामिल हैं और कंपनी ने भारतीय बाजार में सेवा देने के लिए अपना कामकाज भी शुरू कर दिया है। ड्रायर ने कहा, "हमने यहां पहले ही निवेश करके मौजूदा जमीनी इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार कर लिया है, जिसमें सैकड़ों एंटीना वाले 20 गेटवे साइट्स शामिल हैं। हमने भारत में सेवा देने के लिए ज़रूरी कामकाज भी शुरू कर दिया है।"
उन्होंने भारत के डिजिटल क्षेत्र में उपलब्धि को असाधारण बताया है। ड्रायर ने बताया कि स्टारलिंक पिछले पांच सालों से भारतीय रेगुलेटर्स, इंडस्ट्री के स्टेकहोल्डर्स और ऑपरेटर्स के साथ मिलकर काम कर रही है ताकि वे भारत की जरूरतों के हिसाब से अपने कामकाज को ढाल सकें और बाजार में सेवा देने के लिए तैयार हो सकें। इसके अलावा, उन्होंने स्पेसएक्स की बड़ी टेक्नोलॉजी पहल के बारे में भी बताया, जिसमें दोबारा इस्तेमाल होने वाले फाल्कन 9 रॉकेट, अगली पीढ़ी का स्टारशिप लॉन्च व्हीकल और बड़े पैमाने पर AI कंप्यूटिंग क्षमता बनाने की योजनाएं शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि स्टारलिंक की हाई-स्पीड कनेक्टिविटी को उन इलाकों तक पहुंचा रहे हैं जहां पारंपरिक इंफ्रास्ट्रक्चर नहीं पहुंच पाया है। उन्होंने कहा, "फाल्कन 9 के साथ, बड़े पैमाने पर दोबारा इस्तेमाल होने वाले रॉकेट हकीकत बन गए। हमने उस सारे अनुभव को अगली पीढ़ी के स्टारशिप लॉन्च व्हीकल में शामिल किया है, जो हाल ही में ऑर्बिट (कक्षा) तक पहुंचा है।" उन्होंने आगे कहा कि स्पेसएक्स AI के साथ, हम बहुत बड़े पैमाने पर AI कंप्यूट क्षमता बना रहे हैं।