US Saudi Travel Advisory Update: अमेरिका ने सऊदी अरब में रह रहे अपने नागरिकों के लिए नई सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। विदेश विभाग ने यमन सीमा से लगे इलाकों में आतंकवाद के भारी खतरे को देखते हुए वहां यात्रा न करने की हिदायत दी है।
इसके साथ ही सऊदी अरब के लिए यात्रा श्रेणी को लेवल-3 यानी यात्रा पर पुनर्विचार करने की सूची में रखा गया है। ईरान समर्थित समूहों द्वारा ड्रोन और मिसाइल हमलों के जोखिम को देखते हुए अमेरिकी नागरिकों को सतर्क रहने को कहा गया है।
अमरीकी विदेश विभाग ने बुधवार को सऊदी अरब के लिए अपनी यात्रा एडवाइजरी को अपडेट करते हुए लेवल-3 श्रेणी में रखा है। लेवल-3 का अर्थ है कि अमरीकी नागरिकों को सऊदी अरब की यात्रा करने से पहले उस पर गंभीरता से पुनर्विचार करना चाहिए।
वहीं यमन से लगी सीमा वाले क्षेत्रों के लिए अमरीका ने लेवल-4 यानी 'यात्रा न करें' की सबसे कड़ी चेतावनी जारी की है। विदेश विभाग ने स्पष्ट किया है कि यमन सीमावर्ती इलाकों में आतंकवाद और सशस्त्र संघर्ष का गंभीर खतरा बना हुआ है।
एडवाइजरी के अनुसार यमन में सक्रिय सशस्त्र समूहों ने सऊदी अरब के सीमावर्ती शहरों और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है। हूती विद्रोहियों द्वारा सऊदी अरब के बुनियादी ढांचों, हवाई अड्डों और ऊर्जा सुविधाओं पर ड्रोन और मिसाइल दागे गए हैं।
अमरीका ने आगाह किया है कि सऊदी वायु रक्षा प्रणाली द्वारा रोके गए ड्रोन और मिसाइलों का गिरता मलबे भी खतरनाक हो सकता है। विशेष रूप से ऊर्जा सुविधाओं और सैन्य प्रतिष्ठानों के आसपास रहने वाले नागरिकों के लिए यह जोखिम काफी अधिक हो सकता है।
अमरीकी सरकार ने अपने कर्मचारियों के लिए भी सीमावर्ती क्षेत्रों में आवाजाही पर अतिरिक्त प्रतिबंध लागू कर दिए हैं। सरकारी कर्मचारियों को यमन सीमा से 20 मील के दायरे में जाने की अनुमति बिल्कुल भी नहीं दी गई है।
इसके अलावा कातिफ प्रांत की गैर-जरूरी यात्रा पर रोक लगाई गई है तथा जिजान, असीर और नजरान के लिए विशेष अनुमति अनिवार्य है। विदेश विभाग ने कहा कि सुरक्षा जोखिमों के कारण इन सीमावर्ती क्षेत्रों में आपातकालीन सहायता प्रदान करने की क्षमता सीमित है।
यह अमरीकी एडवाइजरी ऐसे समय आई है जब सऊदी अरब ने हाल ही में मक्का और जेद्दा समेत कई इलाकों में अलर्ट जारी किया है। बीती 15 सितंबर को सऊदी वायु रक्षा बलों ने मक्का के दक्षिण में एक हूती ड्रोन को सफलतापूर्वक रोककर नष्ट कर दिया था। इसके साथ ही अमरीकी नागरिकों को सऊदी अरब के स्थानीय कानूनों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया गया है।
सोशल मीडिया पर सरकार या उसकी नीतियों की आलोचना करने वाली पोस्ट, री-पोस्ट या लाइक करने पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है। साथ ही दीवानी, पारिवारिक विवाद या वित्तीय मामलों के चलते नागरिकों पर देश छोड़ने से रोकने वाला एग्जिट बैन भी लग सकता है।