Highlights:
फुजैराह में अनियंत्रित ट्रक ने 23 वाहनों को मारी टक्कर, भीषण आग में 14 लोगों की मौत और 30 घायल।
हादसे में भारत समेत सात देशों के नागरिक प्रभावित, 15 घायलों को अस्पताल से मिली छुट्टी।
भारतीय वाणिज्य दूतावास ने पीड़ित परिवारों से किया संपर्क, ट्रक के अनियंत्रित होने की वजह की जांच जारी।
UAE Fujairah Truck Accident: संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के फुजैराह में देर रात भीषण सड़क हादसा हुआ। एक भारी ट्रक के अनियंत्रित होने से 23 वाहन आपस में टकरा गए। इस भीषण दुर्घटना में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 अन्य घायल हो गए। हादसे में भारतीय नागरिक भी मारे गए हैं और कई घायल हुए हैं। UAE के अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है।
UAE के गृह मंत्रालय ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में बताया कि हादसा आधी रात से कुछ समय पहले फुजैराह के प्रवेश द्वार के पास शेख खलीफा बिन जायद स्ट्रीट पर हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, एक तेज रफ्तार ट्रक के चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। ट्रक पहले एक अन्य वाहन से टकराया और फिर पलटकर धीमी रफ्तार से चल रहे ट्रैफिक में खड़े कई वाहनों से जा भिड़ा।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक में आग लग गई। देखते ही देखते आग आसपास के कई वाहनों में फैल गई और कई कारें इसकी चपेट में आ गईं। हादसे में 14 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। आग इतनी भीषण थी कि कई मृतकों की पहचान करना मुश्किल हो गया। ऐसे में पुलिस विशेषज्ञों की मदद से DNA टेस्ट कराकर शवों की पहचान की जा रही है।
हादसे में घायल 30 लोगों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक, इनमें से 15 लोगों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि बाकी 15 का उपचार जारी है। मृतकों और घायलों में UAE, भारत, ओमान, ब्राजील, पाकिस्तान, जॉर्डन और मिस्र के नागरिक शामिल हैं।
दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने पुष्टि की है कि हादसे में भारतीय नागरिक भी प्रभावित हुए हैं। दूतावास ने कहा कि वह UAE के स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर पीड़ितों और उनके परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध करा रहा है।
दूतावास ने शोक जताते हुए कहा कि उसने मृतकों के परिजनों से संपर्क किया है और उन्हें जरूरी मदद मुहैया कराने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहा है।
फुजैराह पुलिस और UAE का गृह मंत्रालय हादसे की जांच कर रहे हैं। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ट्रक में तकनीकी खराबी थी या किसी अन्य वजह से चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे हादसे से जुड़े अपुष्ट वीडियो, तस्वीरें और दावे सोशल मीडिया पर साझा न करें।