Trump Iran Military Strikes CENTCOM Strategy: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक सोशल मीडिया पोस्ट ने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। ट्रंप ने अपने प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर एक AI-जनरेटेड तस्वीर साझा की जिसके साथ एक रहस्यमयी चेतावनी लिखी थी, 'THE STORM IS COMING. NOTHING CAN STOP WHAT IS COMING'।
'गेम ऑफ थ्रोन्स' की प्रसिद्ध लाइन 'विंटर इज कमिंग' से प्रेरित लग रहे इस पोस्ट ने ईरान के प्रति अमेरिका के संभावित सैन्य रुख को लेकर कई तरह की अटकलों को जन्म दे दिया है। हालांकि आधिकारिक तौर पर इस पोस्ट को किसी खास सैन्य अभियान से नहीं जोड़ा गया है, लेकिन इसके राजनीतिक और रणनीतिक संकेत काफी गहरे माने जा रहे हैं।
ट्रंप के इस पोस्ट के पीछे की गंभीरता तब और बढ़ गई जब एक रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि यूनाइटेड स्टेट्स सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने ईरान के खिलाफ जवाबी कार्रवाई का एक खाका तैयार कर लिया है। रिपोर्टों के मुताबिक, CENTCOM ने ईरान के महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने के लिए 'छोटे लेकिन बेहद शक्तिशाली' हमलों की एक लहर की योजना बनाई है। यह योजना सीधे तौर पर ईरानी शासन की क्षमताओं को सीमित करने के उद्देश्य से तैयार की गई है।
इस सैन्य रणनीति को अंतिम रूप देने के लिए डोनाल्ड ट्रंप इस गुरुवार को अमेरिकी सेंट्रल कमांड के प्रमुख ब्रैड कूपर के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक करने वाले हैं। कूपर इस बैठक में ट्रंप को ईरान के खिलाफ संभावित सैन्य कार्रवाई की नई योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी देंगे। इस ब्रीफिंग को मिडिल ईस्ट में अमेरिका की बदली हुई आक्रामक रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।
सैन्य हमलों के साथ-साथ, अमेरिका ईरान की अर्थव्यवस्था को पूरी तरह से घेरने की रणनीति पर भी काम कर रहा है। ट्रंप ने ईरान के चारों ओर लगी नौसैनिक नाकेबंदी को तब तक हटाने से साफ इनकार कर दिया है जब तक कि ईरानी शासन परमाणु कार्यक्रम को लेकर अमेरिकी चिंताओं का समाधान नहीं करता।
यह भी पढ़ें:- भारत की रणनीति का मुरीद हुआ पाक! पेट्रोलियम मंत्री ने बताया-क्यों हमारे यहां महंगा और भारत में सस्ता है तेल
वॉल स्ट्रीट जर्नल के अनुसार, ट्रंप ने अपने राष्ट्रीय सुरक्षा अधिकारियों को ईरान के बंदरगाहों की एक लंबी नाकेबंदी के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया है। इसका उद्देश्य तेहरान को कूटनीतिक और आर्थिक रूप से इतना मजबूर करना है कि वह अपना परमाणु कार्यक्रम छोड़ने के लिए तैयार हो जाए।
ईरान ने हाल ही में तनाव कम करने के लिए एक प्रस्ताव पेश किया था, जिसमें युद्ध समाप्त करने और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फिर से खोलने और परमाणु मुद्दे पर चर्चा को आगे के लिए टालने का सुझाव दिया गया था। हालांकि, ट्रंप ने इस प्रस्ताव को सिरे से खारिज कर दिया है। अमेरिका की प्राथमिकता अब एक ऐसा व्यापक समझौता है जो ईरान की परमाणु महत्वाकांक्षाओं पर स्थायी रोक लगा सके।