डोनाल्ड ट्रंप फोटो (सो. सोशल मीडिया)
विदेश

ट्रंप पर हमले की साजिश नाकाम! गोल्फ क्लब के पास हथियारों के साथ दबोचा गया संदिग्ध, कार से पिस्टल बरामद

US Golf Club Suspect Arrest: ट्रंप के कैलिफोर्निया दौरे से पहले लॉस एंजिलिस में उनके गोल्फ क्लब के बाहर एक संदिग्ध को पिस्टल और प्रतिबंधित गोलियों के साथ गिरफ्तार किया गया है।

अमन उपाध्याय

US Golf Club Suspect Arrest Before Trump California Visit: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर सुरक्षा खतरों के केंद्र में हैं। लॉस एंजिलिस के पास स्थित ‘ट्रंप नेशनल गोल्फ क्लब’ के बाहर पुलिस ने एक 38 वर्षीय संदिग्ध व्यक्ति को भारी मात्रा में हथियारों और प्रतिबंधित गोला-बारूद के साथ गिरफ्तार किया है।

यह गिरफ्तारी ऐसे समय में हुई है जब ट्रंप इस सप्ताह कैलिफोर्निया में रिपब्लिकन नेशनल कमेटी (RNC) के एक महत्वपूर्ण फंडरेजिंग डिनर में शामिल होने वाले हैं।

संदेह के घेरे में आरोपी की गतिविधियां

लॉस एंजिलिस काउंटी शेरिफ विभाग (LACSD) के अनुसार, गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान कैलिफोर्निया के डाउनी निवासी 38 वर्षीय जीनिन जॉन टेले के रूप में हुई है। जांच अधिकारियों ने बताया कि रविवार को आरोपी को गोल्फ क्लब की पार्किंग में संदिग्ध अवस्था में देखा गया था।

वह न केवल गोल्फ क्लब परिसर की तस्वीरें और वीडियो ले रहा था, बल्कि वहां की सुरक्षा व्यवस्था और गतिविधियों पर भी कड़ी नजर रख रहा था।

जब सुरक्षा बलों ने उसकी कार की तलाशी ली, तो उनके होश उड़ गए। कार के भीतर से एक लोडेड पिस्टल और अत्यधिक खतरनाक आर्मर-पियर्सिंग गोलियां बरामद की गईं। आरोपी को फिलहाल छिपाकर हथियार रखने और प्रतिबंधित गोला-बारूद रखने के गंभीर आरोपों में हिरासत में लिया गया है।

जांच में जुटीं टॉप एजेंसियां

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अमेरिकी सीक्रेट सर्विस और एफबीआई की ‘जॉइंट टेररिज्म टास्क फोर्स’ ने कमान संभाल ली है। एजेंसियां इस बात की गहनता से पड़ताल कर रही हैं कि क्या आरोपी का इरादा डोनाल्ड ट्रंप पर हमला करना था या वह किसी बड़ी अंतरराष्ट्रीय साजिश का हिस्सा है।

हमलों का पुराना इतिहास

डोनाल्ड ट्रंप पर हाल के वर्षों में कई बार जानलेवा हमले की कोशिशें हो चुकी हैं, जिसने उनकी सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े किए हैं:

  • 26 अप्रैल 2026: वाशिंगटन के एक होटल में डिनर के दौरान ट्रंप पर 7 से 8 राउंड फायरिंग हुई थी, जिसके बाद उन्हें सुरक्षित निकाला गया।

  • 15 सितंबर 2024: फ्लोरिडा के गोल्फ क्लब में रयान वेस्ले राउथ नामक हमलावर ने एके-स्टाइल राइफल के साथ ट्रंप को निशाना बनाने की कोशिश की थी।

  • 13 जुलाई 2024: पेंसिल्वेनिया की रैली में थॉमस मैथ्यू क्रूक्स ने फायरिंग की थी, जिसमें एक गोली ट्रंप के कान को छूकर निकल गई थी।

इसके अलावा 2016 में भी एक ब्रिटिश नागरिक ने रैली के दौरान ट्रंप पर हमले का प्रयास किया था। बार-बार हो रही इन घटनाओं के मद्देनजर, कैलिफोर्निया दौरे से पहले हुई यह गिरफ्तारी अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती मानी जा रही है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और गोल्फ क्लब के आसपास सुरक्षा घेरा और कड़ा कर दिया गया है।

सरकार के खिलाफ बोलने पर एनकाउंटर में मारा जा सकता हूं, सोनम वांगचुक का बड़ा दावा; मांगा अमित शाह का इस्तीफा

राहुल गांधी का बड़ा आरोप, मध्य प्रदेश चुनाव 2023 से शुरू हुई थी वोट चोरी; तकनीकी टीम ने की पुष्टि!

राहुल गांधी पर बीजेपी का पलटवार! सुधांशु बोले राहुल की राजनीतिक समझ शून्य, बैशाखी के दम पर जीतते हैं चुनाव

मोदी-शाह की जांच, वोट चोरी और इंदिरा गांधी का जिक्र; राहुल गांधी ने क्या-क्या सवाल खड़े किए? 10 बड़ी बातें

ईरान की अमेरिका को खुली चेतावनी, फिर हमला हुआ तो हिंद महासागर तक पहुंचेगा युद्ध; भारत पर कितना पड़ेगा असर?