कीव मिसाइल हमला, फोटो (सो. सोशल मीडिया)  
विदेश

रूस ने तोड़ा ट्रंप का 'सीजफायर', भीषण ठंड में यूक्रेन पर दागीं 71 मिसाइलें; लाखों लोग बेहाल

Russia Ukraine War: भीषण ठंड के बीच रूस ने यूक्रेन के ऊर्जा ठिकानों पर अब तक का सबसे बड़ा हमला किया है। राष्ट्रपति जेलेंस्की ने रूस पर ट्रंप के साथ हुए समझौते के उल्लंघन का आरोप लगाया है।

अमन उपाध्याय

Kyiv Missile Attack News In Hindi: यूक्रेन में हाड़ कंपा देने वाली ठंड और -25 डिग्री सेल्सियस तक गिरते पारे के बीच रूस ने एक बार फिर तबाही मचाई है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने मंगलवार को रूस पर आरोप लगाया कि उसने डोनाल्ड ट्रंप की मध्यस्थता में हुए उस समझौते को तोड़ दिया है जिसमें सर्दियों के दौरान ऊर्जा प्रणालियों पर हमला न करने की बात कही गई थी। यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब अबू धाबी में रूस, यूक्रेन और अमेरिका के बीच शांति वार्ता के दूसरे दौर की बैठक होने वाली है।

मिसाइलों और ड्रोनों का तांडव

जेलेंस्की के अनुसार, रूस ने रात भर में रिकॉर्ड 71 बैलिस्टिक मिसाइलों और 450 ड्रोनों के जरिए यूक्रेन के ऊर्जा बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया। कीव के निवासियों ने तड़के एक बजे से ही भीषण विस्फोटों की आवाजें सुनीं। इन हमलों के कारण कीव के पांच जिलों में भारी नुकसान हुआ है और कम से कम छह लोग घायल हुए हैं। वहीं, दक्षिणी शहर जापोरिज्जिया में एक ड्रोन हमले में दो किशोरों की मौत हो गई और नौ लोग घायल हो गए।

ठंड को हथियार बना रहा है रूस

इस हमले का सबसे गंभीर प्रभाव आम नागरिकों पर देखने को मिला है। राजधानी कीव में एक हजार से ज्यादा रिहायशी इमारतों में हीटिंग व्यवस्था पूरी तरह ठप हो चुकी है जिससे लोग भीषण ठंड में रहने को मजबूर हैं। ऊर्जा मंत्री डेनिस श्मिहल के अनुसार, बच्चों समेत लाखों परिवारों को जानबूझकर बिना गर्मी के छोड़ दिया गया है। वहीं, खार्किव शहर में भी हालात बेहद चिंताजनक बने हुए हैं। यहां 800 से अधिक इमारतों में हीटिंग बंद है और पाइपलाइन को फटने से बचाने के लिए उनमें से पानी निकाला जा रहा है। यूक्रेन के उप प्रधानमंत्री ने बताया कि खार्किव क्षेत्र में करीब 1 लाख 10 हजार संपत्तियां इस समय हीटिंग के बिना हैं।

ट्रंप और पुतिन का 'समझौता'

बता दें कि डोनाल्ड ट्रंप ने एक सप्ताह का युद्धविराम कराया था। ट्रंप ने पिछले गुरुवार को कहा था कि व्लादिमीर पुतिन ने उनके व्यक्तिगत अनुरोध पर कीव और अन्य शहरों पर हमले रोकने की सहमति दी थी।

हालांकि, अब ट्रंप का कहना है कि पुतिन ने अपना वादा निभाया क्योंकि यह समझौता केवल 'रविवार से रविवार' तक के लिए था। इसके विपरीत, यूक्रेन का मानना था कि युद्धविराम इस शुक्रवार तक जारी रहना चाहिए था। जेलेंस्की ने कहा कि रूस ने इस छोटे से अंतराल का उपयोग हथियारों को इकट्ठा करने के लिए किया।

यह भी पढ़ें:-

अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रिया

NATO के महासचिव मार्क रुटे ने कीव का दौरा करते हुए इस हमले को वास्तव में बुरा संकेत बताया और रूस पर निर्दोष नागरिकों के लिए अराजकता पैदा करने का आरोप लगाया। दूसरी ओर, रूसी प्रचारक व्लादिमीर सोलोव्योव ने गर्व से कहा कि उन्होंने यूक्रेन को पाषाण युग में धकेल दिया है।

सब्सिडी वाला गैस सिलेंडर चाहिए? 1 अक्टूबर से पहले पूरा करें यह जरूरी काम, वरना रिफिल में हो सकती है परेशानी

मिडिल ईस्ट में सैन्य टकराव के बीच अलर्ट, US ने अपने नागरिकों के लिए चेतावनी जारी की

DUSU चुनाव के बाद CJP का विपक्ष पर हमला, बोले- बंटे विपक्ष का फायदा उठा रही है ABVP

'सेमीकॉन 2026' में 10 अरब डॉलर के निवेश का अनुमान, कंपनियों में दिख रहा उत्साह; उभरते प्लेयर आ रहे सामने

पहली बार PDA रथ से निकलेंगे अखिलेश यादव, 24 सितंबर को रायबरेली में MLA राहुल लोधी के घर लेंगे चाय की चुस्की