पोलैंड का मिग 29 लड़ाकू जेट, फोटो (सो. सोशल मीडिया) 
विदेश

यूक्रेन को पोलैंड से मिलेंगे 9 मिग-29 फाइटर जेट, रूसी हमलों के बीच आसमान में बढ़ेगी जेलेंस्की की ताकत

Russia Ukraine War: रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच पोलैंड ने कीव को 9 मिग-29 लड़ाकू विमान देने की मंजूरी दी है। वहीं, रूसी हमलों ने खारकीव में ऊर्जा संकट पैदा कर लाखों लोगों को मुसीबत में डाल दिया है।

अमन उपाध्याय

Russia Ukraine War News In Hindi: रूस के साथ जारी युद्ध के बीच पोलैंड ने यूक्रेन को सैन्य मदद देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। पोलैंड के उप रक्षा मंत्री पावेल जालेव्स्की ने घोषणा की है कि उनकी सरकार यूक्रेन को 9 मिग-29 लड़ाकू विमान देने के लिए तैयार है। इन विमानों के मिलने से यूक्रेन की वायुसेना को रूस के खिलाफ अपनी हवाई रक्षा और हमलों को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।

जालेव्स्की के अनुसार, फिलहाल दोनों देशों के बीच तकनीकी स्तर की बातचीत चल रही है और यूक्रेन इस प्रस्ताव को स्वीकार करने के लिए सैद्धांतिक रूप से तैयार है। गौरतलब है कि पोलैंड इससे पहले 2023 में भी 14 मिग-29 जेट यूक्रेन को सौंप चुका है और वह इस युद्ध में यूक्रेन के सबसे मजबूत समर्थकों में से एक बना हुआ है।

रूसी हमलों से ऊर्जा संकट और कड़ाके की ठंड

एक तरफ सैन्य मदद मिल रही है तो दूसरी तरफ रूस ने सर्दियों के मौसम का फायदा उठाते हुए यूक्रेन के ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर हमले तेज कर दिए हैं। यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव में रूसी हमलों ने एक विशाल ऊर्जा केंद्र को पूरी तरह नष्ट कर दिया है। खारकीव के मेयर इहोर तेरेखोव ने बताया कि इस हमले के कारण लाखों लोग बिना बिजली और हीटिंग के अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। वहीं, राजधानी कीव में भी स्थिति गंभीर है मेयर विताली क्लिच्को के अनुसार, करीब 300 अपार्टमेंट इमारतों में 9 जनवरी के बाद से हीटिंग की सुविधा नहीं है। संकट की गंभीरता को देखते हुए स्कूलों की छुट्टियां 1 फरवरी तक बढ़ा दी गई हैं।

अंतरराष्ट्रीय सहायता और आर्थिक मदद

इस मानवीय संकट के बीच ब्रिटेन ने यूक्रेन को सर्दियों में बिजली और हीटिंग बहाल रखने के लिए 27 मिलियन डॉलर की आपातकालीन मदद की घोषणा की है। इसके साथ ही नॉर्वे ने भी 200 मिलियन डॉलर की सहायता प्रदान की है। इसी दौरान, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) की प्रमुख क्रिस्टालिना जॉर्जीवा ने अचानक कीव का दौरा किया। उन्होंने यूक्रेन के लिए 8.1 अरब डॉलर के नए कर्ज कार्यक्रम का प्रस्ताव रखा है जिससे अन्य अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं से भी फंड मिलने का रास्ता साफ होगा।

घरेलू राजनीति में उथल-पुथल

युद्ध और ऊर्जा संकट के बीच यूक्रेन के भीतर राजनीतिक अस्थिरता भी देखने को मिल रही है। भ्रष्टाचार विरोधी एजेंसियों ने पूर्व प्रधानमंत्री और विपक्षी नेता यूलिया तिमोशेंको पर आरोप लगाया है कि वे सांसदों को रिश्वत देकर राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की की स्थिति को कमजोर करने की साजिश रच रही हैं। हालांकि, तिमोशेंको ने इन आरोपों को पूरी तरह से गलत बताया है।

महाराष्ट्र के येवला से बांग्लादेश पहुंचा शीरे का माल, मध्य रेल को मिला 1.11 करोड़ रुपये का राजस्व

जामिया में छात्र संघ चुनाव को लेकर क्यों गरमाया माहौल? विरोध के बाद ऑफलाइन पढ़ाई ठप, ऑनलाइन क्लास शुरू

CJP Tiranga March: अभिजीत दीपके-नेहा बोरा पुलिस हिरासत में, कनॉट प्लेस में कॉकरोचों ने लहराया तिरंगा

नेहा बोरा का ऐलान: नहीं भरेंगी पीस बॉन्ड, प्रदर्शन को बताया लोकतांत्रिक अधिकार; कानूनी लड़ाई रखेंगी जारी

जयपुर में भीषण सड़क हादसा, नासिक के 3 श्रद्धालुओं की मौत; 7 घायल, एक्शन में गिरीश महाजन