Highlights:
पीएम मोदी की ओर से बालेन शाह को दिए गए खास तोहफों और उनके पिता की पुरानी तस्वीर से जुड़ी कहानी।
डॉ. राम नारायण शाह की जामनगर में आयुर्वेद की पढ़ाई से लेकर नेपाल के सरकारी स्वास्थ्य तंत्र में योगदान तक का सफर।
मोदी और बालेन शाह की मुलाकात में हुए समझौतों, विकास पैकेज, कनेक्टिविटी और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े बड़े ऐलान।
PM Modi Gift Nepal PM: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह को कई खास उपहार दिए। इनमें गंगाजल, बनारसी ब्रोकेड का स्टोल और संपूर्ण रामायण को दर्शाती कलमकारी कलाकृति शामिल थी। हालांकि, इन सभी तोहफों के बीच एक ऐसा उपहार भी था, जिसने बालेन शाह को भावुक कर दिया। यह उपहार उनके दिवंगत पिता डॉ. राम नारायण शाह की पुरानी यादों से जुड़ा था। पीएम मोदी ने उन्हें गुजरात की एक फ्रेम की हुई तस्वीर भेंट की, जिसमें उनके पिता गुजरात आयुर्वेद विश्वविद्यालय, जामनगर में नजर आ रहे हैं। यह तस्वीर उनके पिता के पोस्ट ग्रेजुएशन के दिनों की थी। आइए जानते हैं कौन थे डॉ. राम नारायण शाह और भारत से उनका क्या संबंध था?
डॉ. राम नारायण शाह का जन्म साल 1948 में नेपाल के महोत्तरी जिले के एकडारा में हुआ था। उनके पिता का नाम मुनी लाल शाह था, जो इलाके के एक प्रभावशाली व्यक्ति और जमीन के मालिक थे। राम नारायण शाह का बचपन नेपाल के तराई क्षेत्र में बीता। उनका परिवार खेती-किसानी और स्थानीय सामाजिक गतिविधियों से जुड़ा हुआ था।
राम नारायण शाह ने चिकित्सा के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए आयुर्वेद को चुना। बेहतर शिक्षा और विशेषज्ञता हासिल करने के लिए वह भारत आए। यहां उन्होंने जामनगर स्थित गुजरात आयुर्वेद विश्वविद्यालय में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। 1970 के दशक के आखिरी वर्षों में जामनगर में बिताया गया समय उनके जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा।
बता दें कि गुजरात आयुर्वेद विश्वविद्यालय को अब इंस्टीट्यूट ऑफ टीचिंग एंड रिसर्च इन आयुर्वेद के नाम से जाना जाता है। यह संस्थान आयुर्वेद की शिक्षा और शोध के लिए प्रमुख केंद्रों में शामिल है।
भारत से अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद राम नारायण शाह 1980 के दशक की शुरुआत में नेपाल लौट आए। इसके बाद वह अपने परिवार के साथ काठमांडू में रहने लगे। उन्होंने नेपाल सरकार के स्वास्थ्य विभाग में आयुर्वेदिक चिकित्सक के रूप में काम शुरू किया।
उन्हें सिंघा दरबार वैद्यखाना में नियुक्त किया गया। यह नेपाल की सबसे पुरानी सरकारी संस्थाओं में से एक है, जहां आयुर्वेदिक दवाइयां तैयार करने और उनका वितरण करने का काम होता है। शुरुआत में इस संस्थान में शाही परिवार के लिए दवाइयां बनाई जाती थीं, लेकिन बाद में आम लोगों को भी इसका लाभ मिलने लगा।
राम नारायण शाह ने कई दशकों तक नेपाल के सरकारी स्वास्थ्य तंत्र में सेवाएं दीं। उनके काम और अनुभव को देखते हुए उन्हें संस्थान का प्रबंध निदेशक बनाया गया। उन्होंने साल 2001 से 2005 तक इस पद पर काम किया। इस दौरान उन्होंने आयुर्वेदिक दवाओं के उत्पादन और आम लोगों तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी संभाली।
काठमांडू में लंबे समय तक रहने और सरकारी सेवा में अहम जिम्मेदारी निभाने के बावजूद राम नारायण शाह अपने पैतृक गांव एकडारा से जुड़े रहे। वह समय-समय पर अपने गांव जाते थे और स्थानीय लोगों की मदद के लिए कई काम करते थे।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने अपने गांव में साप्ताहिक बाजार यानी हटिया लगाने के लिए जमीन दान की थी। इसके अलावा स्थानीय मंदिर के रखरखाव में भी सहयोग दिया। उनके इन कामों से गांव के विकास और सामाजिक गतिविधियों में योगदान देने की उनकी भावना का पता चलता है।
डॉ. राम नारायण शाह का 1 दिसंबर 2025 को 77 साल की उम्र में काठमांडू के सिविल अस्पताल में निधन हो गया था। उनके परिवार में पत्नी ध्रुव देवी शाह और बच्चे हैं। उनके सबसे छोटे बेटे बालेन शाह हैं, जो पहले रैपर के रूप में चर्चित हुए और बाद में काठमांडू के मेयर बने। इसके बाद उन्होंने नेपाल के प्रधानमंत्री का पद संभाला।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह के बीच हुई उच्चस्तरीय बातचीत में द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर जोर दिया गया। भारत ने नेपाल के पुनर्निर्माण और विकास के लिए 24,000 करोड़ नेपाली रुपये (करीब 15,000 करोड़ भारतीय रुपये) के विकास सहयोग पैकेज की घोषणा की। इसमें बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्निर्माण में मदद भी शामिल है। दोनों देशों के बीच सैटेलाइट संचार, सरकारी कर्मचारियों के प्रशिक्षण, स्वास्थ्य, आयुर्वेद, फॉरेंसिक साइंस और पशुधन विकास समेत आठ समझौता ज्ञापनों (MoU) पर हस्ताक्षर हुए।
इसके अलावा अयोध्या और जनकपुर धाम को जोड़ने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस की शुरुआत की गई। धारचूला-दर्चुला मोटर योग्य पुल और मोतिहारी-अमलेखगंज पेट्रोलियम पाइपलाइन के दूसरे चरण का भी उद्घाटन किया गया। ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए 669 मेगावाट की लोअर अरुण जलविद्युत परियोजना और झापा में तेल भंडारण टर्मिनल की आधारशिला भी रखी गई।