ब्रिटेन के वरिष्ठ नेता पीटर मैंडेलसन (सोर्स-सोशल मीडिया) 
विदेश

एपस्टीन से संबंध और पैसे लेकर सरकारी फाइल्स देने के खुलासे के बाद ब्रिटिश नेता पीटर मैंडेलसन देंगे इस्तीफा

Epstein ties scandal: ब्रिटेन के वरिष्ठ नेता पीटर मैंडेलसन हाउस ऑफ लॉर्ड्स से इस्तीफा देंगे। उन पर जेफ्री एपस्टीन को गुप्त सरकारी फाइलें भेजने और 75,000 डॉलर लेने के गंभीर आरोप लगे हैं।

प्रिया सिंह

British Government Corruption Allegations: ब्रिटेन की राजनीति में उस वक्त हड़कंप मच गया जब वरिष्ठ नेता पीटर मैंडेलसन के जेफ्री एपस्टीन के साथ संबंधों का खुलासा हुआ। ब्रिटिश सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप के इस मामले में सामने आया है कि मैंडेलसन ने संवेदनशील सरकारी फाइल लीक की थी। अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा जारी जेफरी एपस्टीन के वित्तीय संबंध से जुड़े नए दस्तावेजों ने उनके करियर पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। इन दस्तावेजों में उनके बीच हुए वित्तीय लेनदेन और आपत्तिजनक तस्वीरों का भी उल्लेख किया गया है।

विवाद और इस्तीफा

ब्रिटेन के वरिष्ठ नेता पीटर मैंडेलसन जेफ्री एपस्टीन से अपने संबंधों को लेकर बढ़ते विवाद के बीच हाउस ऑफ लॉर्ड्स से इस्तीफा देने जा रहे हैं। हाउस ऑफ लॉर्ड्स के स्पीकर माइकल फोर्सिथ ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की है कि मैंडेलसन बुधवार को उच्च सदन से सेवानिवृत्त होंगे। सरकार उनके खिलाफ एक विशेष कानून लाने की तैयारी में थी जिससे उनकी आजीवन सदस्यता और 'लॉर्ड' का टाइटल छीना जा सके।

संवेदनशील फाइलों का सौदा

ब्रिटिश सरकार ने पुलिस को एपस्टीन से जुड़े दस्तावेजों की एक विस्तृत फाइल सौंपी है जिसमें मैंडेलसन पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। आरोप है कि उन्होंने बहुत ही संवेदनशील सरकारी जानकारी और आंतरिक रिपोर्टें जेफ्री एपस्टीन को अवैध रूप से साझा की थीं। प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने कैबिनेट को बताया कि वे इन खुलासों से बेहद हैरान हैं और आशंका है कि भविष्य में और भी सच सामने आएगा।

लाखों पन्नों के दस्तावेज

अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा जारी किए गए लगभग 30 लाख से अधिक पन्नों के इन नए दस्तावेजों में मैंडेलसन और एपस्टीन के संपर्कों का पूरा विवरण दर्ज है। इन फाइलों में पीटर मैंडेलसन की एक बेहद आपत्तिजनक तस्वीर भी सामने आई है जिसमें वे एक महिला के साथ अंडरवियर और टी-शर्ट में नजर आ रहे हैं। इस खुलासे के बाद उनकी छवि को भारी नुकसान पहुंचा है और राजनीतिक गलियारों में उनकी कड़ी आलोचना हो रही है।

वित्तीय लेनदेन का खुलासा

दस्तावेजों के अनुसार साल 2003 और 2004 के दौरान एपस्टीन ने मैंडेलसन या उनके पार्टनर से जुड़े खातों में कुल 75,000 डॉलर के तीन भुगतान किए थे। मैंडेलसन ने अपनी सफाई में कहा है कि उन्हें इन पैसों के बारे में कुछ भी ठीक से याद नहीं है और वे दस्तावेजों की सत्यता की जांच करेंगे। इसके अतिरिक्त साल 2009 में उनके पार्टनर के ऑस्टियोपैथी कोर्स के लिए एपस्टीन द्वारा 10,000 पाउंड भेजने की बात भी सामने आई है।

लॉबिंग और टैक्स रिपोर्ट

रिपोर्ट्स से यह भी पता चला है कि मैंडेलसन ने एपस्टीन को बैंकर्स बोनस पर टैक्स कम करने की लॉबिंग और सरकारी संपत्ति बेचने की आंतरिक रिपोर्ट भेजी थी। साल 2010 में उन्होंने यूरोपीय सरकारों के आधिकारिक ऐलान से कुछ घंटे पहले ही एपस्टीन को 500 अरब यूरो के बेलआउट की गुप्त सूचना दे दी थी। स्वास्थ्य मंत्री वेस स्ट्रीटिंग ने इस कृत्य को देश और दो पूर्व प्रधानमंत्रियों के साथ किया गया बड़ा विश्वासघात करार दिया है।

सरकार की कानूनी तैयारी

मैंडेलसन का इस्तीफा ऐसे समय में आया है जब ब्रिटिश सरकार उनके खिलाफ एक कड़ा कानून पेश करने की योजना बना रही थी। इस कानून का उद्देश्य उन्हें संसद से बाहर करना और उनके सम्मानजनक 'लॉर्ड' टाइटल को हमेशा के लिए समाप्त करना था। प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने इस पूरे मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए पहले ही उन्हें राजदूत के पद से हटा दिया था।

राजनीतिक करियर पर संकट

मैंडेलसन लेबर पार्टी की सरकारों में कई वरिष्ठ पदों पर रह चुके हैं और वे वर्तमान प्रधानमंत्री स्टार्मर के काफी करीब माने जाते थे। 1 फरवरी को उन्होंने पहले ही लेबर पार्टी से इस्तीफा दे दिया था लेकिन अब हाउस ऑफ लॉर्ड्स से उनकी विदाई पूरी तरह तय हो गई है। एपस्टीन के साथ उनके ये पुराने संबंध अब उनके पूरे राजनीतिक करियर के लिए एक गहरा काला धब्बा बन चुके हैं।

Weather Update: देश भर में बारिश से हाहाकार! गुरुग्राम में हालात बेकाबू, 12 राज्यों में IMD का अलर्ट

आंध्र शराब परिवहन घोटाले में ED का बड़ा एक्शन, पूर्व विधायक करुमुरी वेंकट नागेश्वर राव गिरफ्तार

ABGH Recruitment 2026: सीनियर रेजिडेंट के 7 पदों पर भर्ती, ₹2.08 लाख तक सैलरी, जानें योग्यता और चयन प्रक्रिया

UP की महिलाओं का कमाल! 5 मिल्क कंपनियों ने 5,716 करोड़ का किया कारोबार, 3.88 लाख महिलाएं बनीं आत्मनिर्भर

CJP के दीपके ने किसे बताया देश का सबसे बेस्ट PM? इन नेताओं को बताया बेस्ट CM