Trump Administration Removes Brett Sylvia: अमेरिका के रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने पेंटागन में तैनात सीनियर सैन्य रणनीतिकार आर्मी लेफ्टिनेंट जनरल ब्रेट सिल्विया को जॉइंट स्टाफ में उनके पद से हटा दिया है। रिपोर्ट के अनुसार, हेगसेथ ने इसी सप्ताह सिल्विया को उनके पद से हटाया। वह जॉइंट स्टाफ के डायरेक्टरेट फॉर स्ट्रेटेजी, प्लान्स एंड पॉलिसी के प्रमुख थे, जिसे J-5 के नाम से जाना जाता है।
इस मामले की जानकारी रखने वाले दो अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से यह खबर दी गई है। अधिकारियों ने व्यक्तिगत मामले पर बात करने के लिए अपनी पहचान उजागर नहीं करने की शर्त रखी। पेंटागन में पिछले कुछ महीनों से सैन्य अधिकारियों को हटाया जा रहा हैं। इसे लेकर ट्रंप प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
ब्रेट सिल्विया को पद से हटाए जाने के पीछे की वजह फिलहाल सामने नहीं आई है। जॉइंट स्टाफ के एक प्रवक्ता ने मीडिया को बताया कि जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के चेयरमैन जनरल डैन केन, जॉइंट स्टाफ और जॉइंट फोर्स लेफ्टिनेंट जनरल सिल्विया और उनके परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया हैं।
प्रवक्ता ने कहा, हमारे देश के लिए 32 वर्षों की शानदार सेवा के लिए हम लेफ्टिनेंट जनरल ब्रेट सिल्विया और उनके परिवार का धन्यवाद करते हैं। हम उन्हें और उनके परिवार को नए अवसरों तथा जीवन के अगले अध्याय के लिए शुभकामनाएं देते हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि जॉइंट स्टाफ में सिल्विया की जगह किस अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। उनके हटाए जाने की खबर ऐसे समय आई है, जब अमेरिकी सैन्य नेतृत्व का ध्यान ईरान से संबंधित सैन्य योजनाओं पर बढ़ रहा है।
स्थानीय मीडिया की पिछली रिपोर्टों में बताया गया था कि अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने ईरान के खिलाफ संभावित हमलों की योजनाएं तैयार की थीं। इन रिपोर्टों के अनुसार, व्हाइट हाउस से मंजूरी मिलने की स्थिति में इन योजनाओं पर नवंबर में होने वाले मध्यावधि चुनावों के बाद कार्रवाई की जा सकती थी।
ब्रेट सिल्विया को पद से हटाया जाना रक्षा सचिव पीट हेगसेथ के कार्यकाल में वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों से जुड़ा एक और बदलाव है। हेगसेथ ने जनवरी 2025 में अमेरिका के रक्षा सचिव का पद संभाला था। हालांकि, सिल्विया को हटाने के फैसले और ईरान से संबंधित सैन्य योजनाओं के बीच किसी सीधे संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।