पाकिस्तान में बड़ा ट्रेन हादसा, फोटो (सो. सोशल मीडिया) 
विदेश

पाकिस्तान में बड़ा ट्रेन हादसा, पंजाब प्रांत में 'तेजगाम एक्सप्रेस' की 7 बोगियां पटरी से उतरीं; 25 लोग घायल

Pakistan Train Accident: पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में मंगलवार रात तेजगाम एक्सप्रेस के सात डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे में 25 यात्री घायल हुए हैं और रेलवे ने जांच के आदेश दिए हैं।

अमन उपाध्याय

Pakistan News In Hindi: पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में एक भीषण रेल दुर्घटना सामने आई है, जिसने रेलवे प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मंगलवार की देर रात लोधरान इलाके के पास 'तेजगाम एक्सप्रेस' के सात डिब्बे पटरी से उतर गए। इस हादसे में कम से कम 25 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें से एक की हालत नाजुक बताई जा रही है। गनीमत रही कि इस बड़ी हादसे में अभी तक किसी की जान जाने की खबर नहीं है।

रात के अंधेरे में हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, कराची की ओर जाने वाली तेजगाम एक्सप्रेस मंगलवार शाम को लाहौर रेलवे स्टेशन से रवाना हुई थी। रात करीब 9:30 बजे जब ट्रेन बहावलपुर-लोधरान सेक्शन पर आदम वहान रेलवे स्टेशन के पास पहुंची तो अचानक जोरदार झटके के साथ बोगियां पटरी से नीचे उतर गईं। हादसा इतना भीषण था कि सात डिब्बे पूरी तरह डिरेल हो गए और कुछ यात्री बोगियों के मलबे के बीच फंस गए।

दो हिस्सों में बंट गई ट्रेन

हादसे के तकनीकी कारणों की जांच कर रहे रेलवे अधिकारियों ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। बताया जा रहा है कि बोगियों के बीच लगे कपलर के अचानक टूट जाने की वजह से ट्रेन दो हिस्सों में बंट गई थी। इसके बाद इंजन से जुड़ी सात बोगियां अनियंत्रित होकर पटरी से उतर गईं। रेलवे मंत्री हनीफ अब्बासी ने इस घटना पर दुख जताते हुए कहा कि प्राथमिक जांच में 'मानवीय चूक' और 'यांत्रिक खराबी' को इस हादसे का सबसे संभावित कारण माना जा रहा है।

राहत और बचाव कार्य

हादसे की सूचना मिलते ही पंजाब इमरजेंसी विभाग की 'रेस्क्यू 1122' की टीमें मौके पर पहुंच गईं। बचाव कर्मियों ने बोगियों में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया। स्थानीय प्रशासन और लोधरान के डिप्टी कमिश्नर अब्दुल हाफिज ने पुष्टि की है कि घायलों को हर संभव चिकित्सा सहायता प्रदान की जा रही है।

रेल यातायात प्रभावित

इस बड़ी रेल दुर्घटना के बाद लोधरान सेक्शन पर रेल यातायात को पूरी तरह से निलंबित कर दिया गया है। रेलवे अधिकारी युद्ध स्तर पर ट्रैक को साफ करने और बोगियों को हटाने के काम में जुटे हैं ताकि जल्द से जल्द ट्रेनों की आवाजाही बहाल की जा सके। यह दुर्घटना ऐसे समय में हुई है जब पाकिस्तान पहले से ही विभिन्न आंतरिक चुनौतियों और बुनियादी ढांचे की समस्याओं से जूझ रहा है।

Bhagat Singh: मैं नास्तिक क्यों हूं, भगत सिंह ने जेल में लिखा लेख, जो आज भी युवाओं को करता हैं प्रेरित

चुनाव आयोग पर आरोप के बीच CWC की बैठक, मल्लिकार्जुन खरगे का CEC पर बीजेपी की विचारधारा को बढ़ाने का आरोप

बृजभूषण सिंह की बढ़ीं मुश्किलें! बरी किए जाने के खिलाफ कोर्ट पहुंचीं महिला पहलवान, 9 अक्टूबर को अगली सुनवाई

AIIB Meeting: एआईआईबी की बैठक में भाग लेने कतर पहुंचीं वित्त मंत्री, जानें भारत के लिए क्यों अहम है यह दौरा

FCRA संशोधन बिल पर जेपीसी की दूसरी बैठक कल! गृह और कानून मंत्रालय के अधिकारी देंगे क्लॉज-वाइज जानकारी