Typos in Pakistan Press Release: पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी फजीहत को लेकर चर्चा में है। अक्सर आर्थिक बदहाली और कर्ज के लिए खबरों में रहने वाले पाकिस्तान ने इस बार अपनी खराब अंग्रेजी और लापरवाही भरे आधिकारिक बयानों की वजह से शर्मिंदगी झेली है। दरअसल, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ इन दिनों अमेरिका के आधिकारिक दौरे पर वॉशिंगटन डीसी पहुंचे हैं, लेकिन उनके दौरे से जुड़ी प्रेस रिलीज ने सोशल मीडिया पर मजाक का सैलाब ला दिया है।
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के 18 से 20 फरवरी 2026 तक के अमेरिकी दौरे का जिक्र करते हुए एक आधिकारिक बयान जारी किया। इस बयान की हेडिंग में ही दो इतनी बड़ी गलतियां थीं कि इंटरनेट यूजर्स की नजरों से वे बच नहीं सकीं। प्रेस रिलीज की हेडिंग में 'United' को 'Unites' लिखा गया था और 'America' को 'Americas'। यानी पूरे देश का नाम ही गलत लिख दिया गया। जैसे ही यह बयान सार्वजनिक हुआ, सोशल मीडिया पर लोगों ने पाकिस्तान सरकार को घेरना और ट्रोल करना शुरू कर दिया।
सोशल मीडिया यूजर्स ने पाकिस्तान सरकार की इस गैर-जिम्मेदाराना हरकत पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। एक यूजर ने लिखा, 'लानत है तुम पर', वहीं अन्य यूजर्स ने इसे कूटनीतिक स्तर पर एक बड़ी चूक बताया है। लोगों का कहना है कि जिस देश में प्रधानमंत्री के आधिकारिक दौरे की प्रेस रिलीज को ठीक से प्रूफरीड नहीं किया जा सकता वहां के प्रशासन का क्या हाल होगा।
बता दें कि पाकिस्तान सरकार और शहबाज शरीफ के साथ ऐसा पहली बार नहीं हुआ है। पिछले साल जब इजराइल ने ईरान पर हवाई हमले किए थे, तब शहबाज शरीफ के नाम से एक स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था। उस पोस्ट में हमले की निंदा करने के लिए अंग्रेजी के शब्द 'Condemn' की जगह गलती से 'Condom' लिख दिया गया था। उस समय भी पाकिस्तान की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खूब किरकिरी हुई थी और अब 'अमेरिकास' वाले मामले ने उस पुरानी याद को फिर ताजा कर दिया है।
शरीफ शहबाज शरीफ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निमंत्रण पर 'बोर्ड ऑफ पीस' की उद्घाटन बैठक में शामिल होने वॉशिंगटन पहुंचे हैं। इस बैठक में पाकिस्तान के अलावा सऊदी अरब, तुर्की, मिस्र, जॉर्डन, इंडोनेशिया, कतर और संयुक्त अरब अमीरात जैसे आठ मुस्लिम बहुल देशों के शामिल होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें:- तारिक रहमान के PM बनते ही ढाका पहुंचे एर्दोगन के बेटे, क्या बांग्लादेश बनेगा तुर्की का नया ‘हथियार’?
प्रधानमंत्री के साथ पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल में उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार, वित्त मंत्री मुहम्मद औरंगजेब, सूचना मंत्री अत्ताउल्लाह तरार और विशेष सहायक तारिक फातेमी भी शामिल हैं। शरीफ का लक्ष्य इस बैठक में वरिष्ठ अमेरिकी नेतृत्व और अन्य समकक्ष नेताओं से संवाद करना है लेकिन फिलहाल चर्चा उनके काम से ज्यादा उनके मंत्रालय की 'अंग्रेजी' पर हो रही है।