प्रधानमंत्री कीर स्टारमर, फोटो (सो. सोशल मीडिया) 
विदेश

लंदन के गोल्डर्स ग्रीन में यहूदी समुदाय पर चाकू से हमला, पीएम कीर स्टारमर ने जताई गहरी चिंता

London Golders Green Stabbing Attack: उत्तर लंदन के गोल्डर्स ग्रीन में एक हमलावर ने यहूदी समुदाय के लोगों पर चाकू से हमला किया। घटना में दो लोग घायल हुए हैं। PM स्टारमर ने इसे बेहद चिंताजनक बताया है।

अमन उपाध्याय

London Golders Green Stabbing Attack News In Hindi: ब्रिटेन की राजधानी लंदन के गोल्डर्स ग्रीन इलाके में बुधवार को उस समय दहशत फैल गई, जब एक सिरफिरे हमलावर ने सरेआम चाकू से हमला कर दो लोगों को घायल कर दिया। यह घटना विशेष रूप से यहूदी समुदाय को निशाना बनाकर की गई प्रतीत होती है।

स्थानीय यहूदी नेबरहुड वॉच ग्रुप 'शोम्रिम' के अनुसार, आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया गया और पुलिस के हवाले कर दिया गया। इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने भी इस पर अपनी कड़ी प्रतिक्रिया दी है।

सरेआम चाकू लेकर दौड़ रहा था हमलावर

घटना गोल्डर्स ग्रीन रोड की है, जो लंदन का एक प्रमुख यहूदी बहुल इलाका माना जाता है। चश्मदीदों और शोम्रिम ग्रुप के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक, हमलावर हाथ में चाकू लिए सड़क पर दौड़ रहा था। वह वहां मौजूद यहूदी समुदाय के सदस्यों को निशाना बनाने की कोशिश कर रहा था। जैसे ही स्थिति बिगड़ी, शोम्रिम के स्वयंसेवकों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को काबू में कर लिया। सीएनएन (CNN) की रिपोर्ट के अनुसार, हमले की खबर मिलते ही पुलिस हेलीकॉप्टर, एम्बुलेंस और बड़ी संख्या में आपातकालीन सेवा के वाहन घटना स्थल पर पहुंच गए। घायलों को तुरंत उपचार के लिए ले जाया गया है।

कीर स्टारमर ने जताया दुख

इस हमले की गूंज ब्रिटिश संसद 'हाउस ऑफ कॉमन्स' में भी सुनाई दी। प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने सांसदों को संबोधित करते हुए इस घटना पर गहरा दुख और चिंता व्यक्त की। उन्होंने इसे 'बेहद चिंताजनक' बताते हुए कहा कि पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

स्टारमर ने जोर देकर कहा कि उनकी सरकार इस तरह के अपराधों और नफरत फैलाने वाली गतिविधियों से निपटने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा एजेंसियां मामले की तह तक जाएंगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

लंदन में बढ़ती यहूदी विरोधी घटनाएं

गोल्डर्स ग्रीन में हुआ यह हमला कोई इकलौती घटना नहीं है। पिछले कुछ समय से लंदन में यहूदी समुदाय और उनके संस्थानों को निशाना बनाने के मामले तेजी से बढ़े हैं। एक रिपोर्ट के अनुसार, केवल पिछले एक महीने के भीतर लंदन पुलिस ने यहूदी-संबंधित परिसरों पर हमलों के आरोप में दो दर्जन से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है। इन अपराधों में एम्बुलेंसों को आग के हवाले करना और यहूदी प्रार्थना स्थलों (सिनगॉग) पर आगजनी की कोशिश करना जैसे गंभीर मामले शामिल हैं।

सुरक्षा को लेकर बढ़ा तनाव

इस हमले के बाद लंदन के यहूदी समुदायों में अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई है। प्रशासन ने गोल्डर्स ग्रीन और आसपास के इलाकों में गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या इस हमले के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क या विशेष विचारधारा काम कर रही थी।

DUSU Election Result 2026 LIVE: DUSU में अध्यक्ष पद पर ABVP की जीत, यश डबास बने DU के प्रेसिडेंट

भूटान में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके, रिक्टर पैमाने पर 4.9 मापी गई तीव्रता

तेलंगाना में फिर छाया बिहारी DNA का मुद्दा, रेवंत रेड्डी ने KCR पर बोला हमला, कहा- बाहर से आकर लूट रहे हैं

DUSU चुनाव में ABVP का दबदबा, 4 में से 3 पदों पर जीत, यश डबास बने DU के प्रेसिडेंट

ड्रग्स तस्करी और PACL फ्रॉड पर ED का शिकंजा, हैदराबाद-मंदसौर में संपत्ति कुर्क, करोड़ों के शेयर जब्त