Kuwait Border Drone Attack Middle East Tension: खाड़ी क्षेत्र में तनाव एक बार फिर गहरा गया है। कुवैत के रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को एक आधिकारिक बयान जारी कर पुष्टि की है कि देश की उत्तरी सीमा पर स्थित दो सैन्य चौकियों को इराक की ओर से आए विस्फोटक ड्रोनों ने निशाना बनाया है। इस हमले ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और सीमावर्ती निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, यह हमला शुक्रवार सुबह हुआ। इराक की सीमा से आए दो विस्फोटक ड्रोनों ने कुवैत की उत्तरी जमीनी सीमा के दो केंद्रों पर हमला किया। जांच में सामने आया है कि इन ड्रोनों को फाइबर-ऑप्टिक वायर के माध्यम से नियंत्रित किया जा रहा था। मंत्रालय ने राहत की बात यह बताई है कि इस हमले में किसी भी सैनिक या नागरिक की जान नहीं गई है, हालांकि सैन्य केंद्रों के सामान और बुनियादी ढांचे को काफी नुकसान पहुंचा है। घटना के तुरंत बाद कुवैती सुरक्षा बलों ने स्थिति को अपने नियंत्रण में ले लिया और जवाबी सुरक्षात्मक कदम उठाए।
कुवैत को निशाना बनाने वाली यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले अप्रैल की शुरुआत में इराक के सशस्त्र समूह 'सराया औलिया अल-दम' ने कुवैत, जॉर्डन और सीरिया में हुए हमलों की जिम्मेदारी ली थी। सैन्य अधिकारियों का मानना है कि ईरान से जुड़े हथियारबंद समूहों ने एयरपोर्ट की सुविधाओं को भी निशाना बनाया था, जिसकी मरम्मत का काम अभी भी जारी है। 10 अप्रैल की एक अन्य घटना का उल्लेख करते हुए सैन्य प्रवक्ता ने बताया कि 24 घंटे के भीतर कुवैती हवाई क्षेत्र में सात दुश्मन ड्रोन देखे गए थे। उस दौरान हुए हमलों में कुवैत के नेशनल गार्ड की महत्वपूर्ण जगहों को निशाना बनाया गया था, जिसमें कुछ जवान घायल भी हुए थे। सेना अब इन बढ़ते हमलों को देखते हुए हाई अलर्ट पर है और किसी भी संभावित घुसपैठ का सामना करने के लिए तैयार है।
सीमा पर तनाव के बीच एक राहत भरी खबर भी सामने आई है। कुवैत के नागरिक उड्डयन महानिदेशक, शेख हमूद मुबारक हमूद अल-सबह ने घोषणा की है कि कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट का एयरस्पेस अब आधिकारिक तौर पर फिर से खोल दिया गया है। गौरतलब है कि सुरक्षा कारणों और क्षेत्रीय अस्थिरता को देखते हुए 28 फरवरी से ही इस एयरस्पेस को एहतियातन बंद कर दिया गया था।
पब्लिक अथॉरिटी ऑफ सिविल एविएशन के मुताबिक, एयरपोर्ट के टर्मिनल चार और पांच को आने वाले रविवार से कुछ विशिष्ट गंतव्यों के लिए फिर से चालू कर दिया जाएगा। शेख हमूद ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा एजेंसियों के साथ गहन समीक्षा के बाद ही धीरे-धीरे उड़ानों को सामान्य करने की योजना बनाई गई है।