इराक के दक्षिणी प्रांत बसरा में 21 नवंबर को एक बिजली स्टेशन में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 अन्य घायल बताए जा रहे हैं।
हादसा बसरा शहर के उत्तर में स्थित अल-हरथा बिजली स्टेशन में हुआ। आग इतनी तेजी से फैली कि इसकी लपटें स्टेशन के आसपास बने रिहायशी मकानों तक पहुंच गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, बिजली स्टेशन को गैस की आपूर्ति करने वाली पाइपलाइन में अचानक विस्फोट हो गया। इसके बाद वहां भीषण आग लग गई। कुछ ही देर में आग की लपटें आसपास के इलाकों तक पहुंच गईं। इसकी चपेट में आने से नजदीक स्थित कई मकानों और वाहनों को भी नुकसान पहुंचा।
घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग और नागरिक सुरक्षा की टीमें मौके पर पहुंच गईं। बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस हादसे में घायल हुए लोगों को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
शुरुआती खबरों में हादसे में हताहत हुए लोगों की संख्या कम बताई गई थी, लेकिन बाद में सामने आई जानकारी के मुताबिक, इस घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 अन्य घायल हो गए। कुछ घायलों की हालत गंभीर होने की आशंका जताई गई है।
खबर अपडेट की जा रही है।