Iran Rejects Trump's Uranium Handover Claim: ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनावपूर्ण बयानबाजी एक बार फिर तेज हो गई है। इस बार ईरान (Iran) ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दावों पर कड़ा पलटवार करते हुए उनका खुलकर मजाक उड़ाया है। ट्रंप ने दावा किया था कि ईरान परमाणु बम नहीं बनाने के लिए तैयार हो गया है और अपना संवर्धित यूरेनियम अमेरिका को सौंपेगा।
ईरान की स्टेट ब्रॉडकास्टर 'इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ब्रॉडकास्टिंग' (IRIB) ने ट्रंप के हालिया बयानों को “हवा में महल बनाना” बताते हुए कहा कि वे वास्तविकता से दूर हैं। IRIB ने एक वीडियो भी साझा किया जिसमें ट्रंप यह दावा करते नजर आते हैं कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत सफल दिशा में आगे बढ़ रही है और दोनों देश समझौते के बेहद करीब हैं।
डोनाल्ड ट्रंप ने अपने बयान में यह भी कहा था कि अगर समझौता होता है तो ईरान अपने “एनरिच्ड यूरेनियम” का भंडार अमेरिका को सौंप सकता है और इससे अमेरिका को क्षेत्र में “मुफ्त पहुंच” जैसी स्थिति मिल सकती है, खासकर होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर। IRIB ने इस पर तंज करते हुए एक फारसी कहावत का इस्तेमाल किया, जिसका अर्थ है कि “कुछ लोग ऐसे सपने देखते हैं जो कभी पूरे नहीं हो सकते।” ईरानी मीडिया ने इसे ट्रंप की कल्पना बताया और कहा कि उनकी बातों का वास्तविकता से कोई मेल नहीं है।
दूसरी ओर, ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिका और ईरान (Iran) के बीच शांति समझौते की संभावना काफी मजबूत है और बातचीत सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि ईरान अपने यूरेनियम भंडार को लेकर सहमत हो सकता है और यदि ऐसा होता है तो जल्द ही आधिकारिक घोषणा की जाएगी।
यह भी पढ़ें- धमाके से दहला पाकिस्तान, खैबर पख्तूनख्वा में गैस पाइपलाइन में भीषण विस्फोट, 8 लोगों की दर्दनाक मौत- VIDEO
हालांकि, ईरान ने इन दावों को सख्ती से खारिज कर दिया है। ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघर गालिबफ के करीबी सूत्रों ने कहा कि अमेरिका को किसी भी परमाणु सामग्री सौंपने पर कोई बातचीत नहीं हुई है। एक अन्य ईरानी सूत्र ने इन दावों को पूरी तरह झूठ बताते हुए कहा कि बातचीत में कोई बड़ी प्रगति नहीं हुई है और स्थिति पहले जैसी ही बनी हुई है।