हादसे की फोटो। सोर्स: X
विदेश

बस में जिंदा जला ड्राइवर, वीडियो देख कांप जाएगा कलेजा! इंडोनेशिया में मौत बन कर आई ट्रेन

Video Viral: इंडोनेशिया में बिना फाटक वाले रेलवे क्रॉसिंग पर सियांतार एक्सप्रेस छोटे बस से टकरा गई। हादसे में किसकी मौत हुई, कितने लोग घायल हुए और ट्रेन में सवार 264 यात्रियों की जान कैसे बची?

अमन कुमार पाण्डेय

Highlights:

  • उत्तरी सुमात्रा में मेडान-पेमातांग सियांतार रूट पर एक्सप्रेस ट्रेन और मिनीबस की टक्कर, मिनीबस चालक की मौत।

  • हादसे के बाद ट्रेन के इंजन और मिनीबस में लगी आग, दो लोको पायलट समेत तीन कर्मचारी घायल।

  • ट्रेन में सवार सभी 264 यात्री सुरक्षित, आग यात्री डिब्बों तक नहीं पहुंची; रेलवे ट्रैक की बहाली का काम जारी।

Train Bus Collision Video: इंडोनेशिया के उत्तरी सुमात्रा प्रांत में शुक्रवार को एक भीषण रेल दुर्घटना हो गई। यहां मेडान-पेमातांग सियांतार रेल मार्ग पर दौड़ रही सियांतार एक्सप्रेस एक मिनीबस से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मिनीबस ट्रेन के साथ कई मीटर तक घिसटती चली गई। इस दौरान ट्रेन के इंजन में आग लग गई और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, गनीमत रही कि ट्रेन में सफर कर रहे सभी 264 यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया। हादसे में मिनीबस चालक की मौत हो गई, जबकि ट्रेन के दो लोको पायलट और एक अन्य कर्मचारी घायल हो गए।

बिना फाटक वाले रेलवे क्रॉसिंग पर हुई टक्कर

इंडोनेशियाई मीडिया आउटलेट कॉम्पास न्यूज के मुताबिक, यह दुर्घटना सियांतार स्टेशन और डोलोक मेरंगिर स्टेशन के बीच हुई। पीटी केरटा आपी इंडोनेशिया (KAI) के उत्तरी सुमात्रा रीजनल डिवीजन-1 के जनसंपर्क प्रबंधक अनवर युली प्रास्त्यो ने बताया कि ट्रेन मेडान की ओर जा रही थी।

इसी दौरान किलोमीटर 38+7/6 के पास एक मिनीबस बिना सुरक्षा फाटक वाले रेलवे क्रॉसिंग को पार करने लगी। तभी तेज रफ्तार से आ रही एक्सप्रेस ट्रेन उससे टकरा गई। टक्कर के प्रभाव से मिनीबस काफी दूर तक घिसट गई। इस दौरान इंजन से निकली चिंगारियों के कारण ट्रेन के लोकोमोटिव और मिनीबस में आग लग गई।

हादसे के तुरंत बाद ट्रेन को रोक दिया गया और बचाव अभियान शुरू किया गया। दुर्घटना में घायल हुए दोनों ट्रेन चालकों और एक कर्मचारी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल उनका उपचार जारी है।

ट्रेन में सवार सभी 264 यात्रियों को सुरक्षित निकाला

इस हादसे में सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि ट्रेन के किसी भी यात्री को चोट नहीं आई। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन में कुल 264 यात्री सवार थे और सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

रेलवे के जनसंपर्क प्रबंधक अनवर प्रास्त्यो के मुताबिक, आग की लपटें मुख्य रूप से ट्रेन के इंजन तक ही सीमित रहीं। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। अगर आग यात्री डिब्बों तक फैल जाती तो हादसा और गंभीर हो सकता था।

घटना के बाद यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए वैकल्पिक इंतजाम किए गए। शुक्रवार देर रात तक दमकलकर्मी घटनास्थल पर कूलिंग ऑपरेशन में जुटे रहे, ताकि दोबारा आग लगने की आशंका को खत्म किया जा सके।

रेलवे ट्रैक की बहाली का काम जारी

दुर्घटना के बाद इस रेल मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई। KAI ने बताया कि सबसे पहले क्षतिग्रस्त मिनीबस और रेलवे उपकरणों को हटाने का काम किया जा रहा है। इसके बाद ट्रैक की मरम्मत और परिचालन बहाल करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

रेलवे प्रशासन स्थानीय अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रहा है। अधिकारियों ने यात्रियों को हुई परेशानी के लिए खेद जताया है। शुरुआती जांच में बिना सुरक्षा फाटक वाला रेलवे क्रॉसिंग दुर्घटना की अहम वजह माना जा रहा है। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।

Rajasthan Panchayat Election Result 2026: 419 पंचायत समितियों में 275 में कांग्रेस जीती, भाजपा को सिर्फ 63

दुनिया में महंगा ईंधन, भारत में कैसे थमी कीमतों की रफ्तार? हरदीप सिंह पुरी ने बताई वजह

गुरपतवंत सिंह पन्नू हत्या साजिश मामले में निखिल गुप्ता दोषी करार, अमेरिकी अदालत ने सुनाई 235 महीने की सजा

राजस्थान पंचायत चुनाव में कांग्रेस की बंपर जीत, राहुल गांधी बोले- गांवों ने बीजेपी को जवाब दे दिया

मुंबई में जुटेंगे 60 देशों के 4,000 से अधिक हिंदू प्रतिनिधि, 18-20 दिसंबर तक होगा वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस 2026