Indian Student Missing in US: अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य से एक चिंताजनक खबर सामने आई है। यहां यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, बर्कले में स्नातकोत्तर की पढ़ाई कर रहे 22 वर्षीय भारतीय छात्र साकेत श्रीनिवासैया रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गए हैं। साकेत मूल रूप से भारत के कर्नाटक राज्य के रहने वाले हैं। इस घटना के बाद से वहां रह रहे भारतीय समुदाय और छात्र के परिवार में हड़कंप मच गया है।
साकेत श्रीनिवासैया एक मेधावी छात्र हैं जिन्होंने साल 2025 में IIT मद्रास से अपना बी.टेक पूरा किया था। वर्तमान में वे यूसी बर्कले के केमिकल एंड बायोमॉलिक्यूलर इंजीनियरिंग विभाग में मास्टर्स की पढ़ाई कर रहे थे। स्थानीय पुलिस और मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, साकेत को आखिरी बार मंगलवार को ड्वाइट वे के 1700 ब्लॉक में देखा गया था जिसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं मिला है।
इस मामले ने तब और गंभीर मोड़ ले लिया जब 'द बर्कले स्कैनर' न्यूज पोर्टल ने रिपोर्ट किया कि साकेत का बैकपैक पार्क हिल्स इलाके में एक घर के दरवाजे पर लावारिस हालत में मिला है। सबसे ज्यादा चिंता की बात यह है कि उस बैग में साकेत का पासपोर्ट और लैपटॉप भी मौजूद था। आमतौर पर कोई भी छात्र अपना पासपोर्ट और कीमती लैपटॉप इस तरह छोड़कर नहीं जाता जिससे किसी अनहोनी की आशंका गहरा गई है।
यह भी पढ़ें:- दिल्ली-ढाका की नई केमिस्ट्री! तारिक रहमान के शपथ ग्रहण में शामिल होंगे PM मोदी? BNP ने शुरू की तैयारी
सैन फ्रांसिस्को में स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की है। दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी दी कि वे साकेत के परिवार के निरंतर संपर्क में हैं और छात्र की सुरक्षित वापसी के लिए स्थानीय अमेरिकी अधिकारियों और पुलिस के साथ समन्वय कर रहे हैं। बता दें कि बर्कले पुलिस ने साकेत को 'एट-रिस्क' श्रेणी में रखा है।
पुलिस द्वारा जारी विवरण के अनुसार, साकेत की लंबाई लगभग 6 फीट 1 इंच है, वजन करीब 73 किलोग्राम है और उनकी आंखें भूरी व बाल छोटे काले हैं। वर्तमान में तलाशी अभियान लेक अंजा और टिल्डेन रीजनल पार्क के आसपास केंद्रित है। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि किसी के पास भी साकेत के बारे में कोई जानकारी हो तो वह तुरंत स्थानीय कानून प्रवर्तन एजेंसी को सूचित करे।