पाकिस्तान मूसलधार बारिश से तबाही, फोटो (सो.सोशल मीडिया)  
विदेश

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में मूसलधार बारिश से तबाही, 8 लोगों की मौत; कई घर उजड़े

गुरुवार को खैबर पख्तूनख्वा के कई इलाकों में तेज हवाओं और जोरदार बारिश ने जमकर कहर बरपाया। हवाएं इतनी तेज थीं कि कई पेड़ उखड़कर गिर गए, और कई घर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

अमन उपाध्याय

इस्लामाबाद: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में इस समय मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं ने तबाही मचा रखी है। जहां बारिश आमतौर पर राहत लेकर आती है, वहीं इस बार यह बारिश पाकिस्तान के लिए यह आफत बनकर आई है। भारी बारिश और तूफानी हवाओं की वजह से अब तक 8 लोगों की जान चली गई है, जबकि 21 लोग घायल हुए हैं। प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (पीडीएमए) के प्रवक्ता के अनुसार, मृतकों में 5 पुरुष, 2 महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं। वहीं, घायल लोगों में 10 पुरुष, 5 महिलाएं और 6 बच्चे शामिल हैं।

पाकिस्तान में पिछले कई दिनों से खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में लगातार भारी बारिश ने तबाही मचा रखी है। मंगलवार को भी आसमान से बरसी आफत के चलते तीन लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें दो महिलाएं शामिल थीं। वहीं, तेज बारिश, बिजली गिरने और ओलावृष्टि के चलते सात अन्य लोग घायल भी हुए थे।

कई घरों को पहुंचा गंभीर नुकसान

अब गुरुवार को खैबर पख्तूनख्वा के विभिन्न इलाकों में तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश ने जमकर तबाही मचाई है। हवाओं की रफ्तार इतनी तेज थी कि कई पेड़ जड़ से उखड़ गए और कई घरों को गंभीर नुकसान पहुंचा। इस घटनाक्रम को लेकर पीडीएमए ने एक रिपोर्ट जारी की है, जिसमें 27 मई से अब तक खैबर पख्तूनख्वा में बारिश और तूफानी हवाओं से होने वाली जनहानि और संपत्ति के नुकसान का ब्यौरा दिया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, प्राकृतिक आपदाओं के कारण विभिन्न जिलों मर्दन, स्वाबी, पेशावर, शांगला, स्वात, तोरघर, मोहमंद, मनसेहरा और हरिपुर में 25 घरों को नुकसान पहुंचा है।

राहत और बचाव अभियान तेज

पीडीएमए ने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को तुरंत राहत पहुंचाने और घायलों के इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, यह मौसम 31 मई तक बने रहने की संभावना है। पीडीएमए के प्रवक्ता ने बताया कि राहत एजेंसियों और जिला प्रशासनों के साथ समन्वय बनाकर कार्य किया जा रहा है। इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर पूरी तरह सक्रिय है और नागरिकों को किसी भी आपात स्थिति में 1700 पर कॉल कर जानकारी देने की अपील की गई है।

पुणे के बाद अब नागपुर, नासिक और कोल्हापुर में भी चलेगी भारत टैक्सी! अमित शाह ने किया बड़ा ऐलान

Chhath Puja 2026 Live Updates: आज अस्ताचलगामी सूर्य को दिया गया अर्घ्य, घाटों पर उमड़े श्रद्धालु

जब लालू यादव ने राज ठाकरे को दी थी खुली चुनौती, क्या है मुंबई के शिवाजी पार्क में छठ करने वाली घटना? VIDEO

UNGA Death Penalty Vote: फांसी की सजा खत्म करने के प्रस्ताव पर भारत का विरोध, अमेरिका-चीन भी आए साथ

Kal Ka Mausam: 16 नवंबर को कहां होगी बारिश और कहां छाएगा कोहरा? IMD ने जारी किया अलर्ट