Dubai Road Accident: संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के दुबई शहर में सोमवार को सड़क के बीच अचानक एक ट्रक रुक जाने से पीछे आ रही मिनीबस उससे टकरा गई। इस दुर्घटना में कई भारतीय कामगारों की जान चली गई। दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि दुबई में हुई इस दुखद सड़क दुर्घटना से हम बेहद व्यथित हैं, जिसमें कई भारतीय कामगारों की मौत हुई है।
भारतीय दूतावास ने कहा कि वह हरसंभव सहायता और सहयोग प्रदान करने के लिए स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है। दुबई पुलिस के यातायात विभाग के निदेशक ब्रिगेडियर जुमा सलेम बिन सुवैदान ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि तकनीकी खराबी के कारण ट्रक अचानक सड़क के बीच में रुक गया था। उन्होंने कहा कि बस चालक ने कथित तौर पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया और सुरक्षित दूरी भी नहीं रखी, जिसके कारण बस ट्रक से पीछे से टकरा गई।
ब्रिगेडियर जुमा सलेम बिन सुवैदान ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार तकनीकी खराबी के चलते ट्रक अमीरात रोड के बीचोंबीच अचानक रुक गया था। उन्होंने बयान में कहा, "बस चालक ने कथित तौर पर ध्यान नहीं दिया और सुरक्षित दूरी बनाए नहीं रखी, जिसके चलते उसने पीछे से ट्रक को टक्कर मार दी।"
उन्होंने आगे बताया कि इस हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 9 अन्य घायल हुए हैं। घायलों में पांच की हालत गंभीर और चार की स्थिति मध्यम बताई गई है। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों ने अस्पताल जाकर घायल भारतीयों से मुलाकात की। दूतावास ने कहा कि इस कठिन समय में हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। ब्रिगेडियर जुमा सलेम ने बताया कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए यातायात दुर्घटना जांच अनुभाग के विशेषज्ञों को घटनास्थल पर भेजा गया है, ताकि वे निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र कर सकें।
उन्होंने कहा कि यातायात गश्ती दल ने मौके पर ट्रैफिक को नियंत्रित किया, क्षेत्र को सुरक्षित बनाया और बचाव वाहनों की आवाजाही सुचारु रखी। कार्य दल ने क्षतिग्रस्त ट्रक और मिनीबस को भी सड़क से हटाया, जिससे यातायात सामान्य रूप से संचालित हो सके।