Donald Trump Praises PM Modi: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कब क्या बयान दे किसी को कुछ पता नहीं होता। इसका ताजा उदाहरण मंगलवार को देखने को मिला जब उन्होंने भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए उन्होंने अपना ‘महान दोस्त’ बताया और कहा कि भारत अमेरिका के लिए इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण रणनीतिक साझेदार है। यह जानकारी अमेरिकी दूतावास ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की।
अमेरिकी दूतावास ने लिखा कि राष्ट्रपति ट्रंप ने भारत को दुनिया की सबसे पुरानी सभ्यताओं में से एक का घर बताया और कहा कि यह एक अद्भुत देश है। उन्होंने कहा, ‘हमें प्रधानमंत्री मोदी के रूप में एक महान मित्र मिला है।’ अमेरिकी राष्ट्रपति का यह बयान ऐसे समय में आया है जब हाल ही में अमेरिका ने भारत को PAX सिलिका इनिशिएटिव से बाहर करने का फैसला किया है।
हाल ही में थी फोन पर बात
राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी के बीच हाल ही में फोन पर बातचीत हुई थी। इस दौरान दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय आर्थिक और व्यापारिक साझेदारी को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की। यह बातचीत ऐसे समय में हुई जब भारत और अमेरिका के वार्ताकार प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर दो दिन तक बातचीत कर चुके थे।
इस प्रस्तावित व्यापार समझौते से भारत को उम्मीद है कि अमेरिकी प्रशासन द्वारा भारतीय वस्तुओं पर लगाए गए भारी टैरिफ में राहत मिल सकती है। अगस्त में अमेरिका ने भारतीय उत्पादों पर टैरिफ बढ़ाकर 50 प्रतिशत कर दिया था, जिसमें रूस से कच्चे तेल की खरीद पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क भी शामिल था।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस बातचीत को ‘सौहार्दपूर्ण और सकारात्मक’ बताया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने द्विपक्षीय संबंधों में हुई प्रगति की समीक्षा की और क्षेत्रीय व अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने यह भी कहा कि भारत और अमेरिका मिलकर वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए काम करेंगे। हालांकि, पीएम मोदी ने अपने बयान में सीधे तौर पर व्यापार संबंधों का उल्लेख नहीं किया।
अमेरिका द्वारा टैरिफ बढ़ाने के बाद अगस्त में भारत और अमेरिका के रिश्तों में खटास आ गई थी। अमेरिकी अधिकारियों की आलोचना ने भी दोनों देशों के संबंधों पर असर डाला था। लेकिन पिछले कुछ हफ्तों में दोनों देशों ने अपने रिश्तों को सुधारने के प्रयास तेज किए हैं। फोन वार्ता के दौरान नेताओं ने भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी में हुई प्रगति की समीक्षा की।
यह भी पढ़ें: ‘नाजायज मादुरो…’, ट्रंप ने वेनेजुएला युद्ध से पहले दी आखिरी चेतावनी, कहा- युद्धपोतों से घिरा देश
उन्होंने व्यापार, महत्वपूर्ण तकनीक, ऊर्जा, रक्षा और सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। इसके साथ ही, साझा चुनौतियों का सामना करने और समान हितों को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर काम करने पर सहमति जताई। दोनों नेताओं ने सभी क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग के निरंतर मजबूत होने पर भी संतोष व्यक्त किया।