बैंकॉक: मीडिल ईस्ट के बाद अब एशिया में भी एक नया युद्ध छिड़ गया है। कंबोडिया और थाईलैंड के बीच बढ़ता तनाव अब खूनी संघर्ष में बदल गया है। सीमा पर हुई झड़प के बाद दोनों देशों के बीच रॉकेट हमलों और भारी गोलाबारी की घटनाएं सामने आ रही हैं। रिपोर्टों के अनुसार, कंबोडिया के हमले में थाईलैंड का एक गैस स्टेशन पूरी तरह नष्ट हो गया। इसके जवाब में थाईलैंड ने कंबोडिया पर एयरस्ट्राइक की, जिसकी पुष्टि कई मीडिया रिपोर्टों में की गई है।
रिपोर्टों के मुताबिक, थाईलैंड ने कंबोडिया के विरुद्ध जवाबी हवाई कार्रवाई में F-16 युद्धक विमानों का इस्तेमाल किया है। फिलहाल इस मामले में विस्तृत जानकारी का इंतज़ार किया जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस झड़प में अभी तक कम से कम 9 लोगों की जान जा चुकी है और 14 से अधिक लोग ज़ख्मी हुए हैं। स्थिति लगातार तनावग्रस्त बनी हुई है, जिसके चलते दोनों देशों की सेनाएं पूरी तरह सतर्क हैं।
वहीं, कंबोडिया ने थाईलैंड के एक पेट्रोल पंप पर BM-21 रॉकेट दागा था, जिसके बाद बैंकॉक में भगदड़ जैसे हालात पैदा हो गए। इस हमले के बाद शहर में डर और अफरातफरी का माहौल छा गया। मीडिया रिपोर्ट्स में देखा गया कि कई सैनिकों ने अपनी सुरक्षा के लिए ज़मीन पर लेटकर आगे बढ़ रहे थे।
थाईलैंड और कंबोडिया के बीच तनाव बढ़ने के बाद, अमेरिका ने अपने नागरिकों के लिए एक सुरक्षा चेतावनी जारी की है। थाईलैंड स्थित अमेरिकी वाणिज्य दूतावास ने जानकारी दी है कि 24 जुलाई को दोनों देशों के सीमा क्षेत्रों में रॉकेट और तोपों से हमलों की खबरें मिली हैं। ऐसे में अमेरिकी नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे सीमा से लगे क्षेत्रों से तुरंत निकल जाएं और थाईलैंड सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
https://twitter.com/lookner/status/1948262621892731333
कंबोडिया के विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को थाईलैंड के सभी राजनयिकों को देश छोड़ने का आदेश दे दिया, साथ ही बैंकॉक स्थित अपने दूतावास के कर्मचारियों को भी वापस बुला लिया है। मई में हुई झड़पों के बाद दोनों देशों ने कई सीमा चौकियों को या तो पूरी तरह सील कर दिया था या वहां आवाजाही पर कड़ी रोक लगा दी थी। कंबोडिया ने थाईलैंड से फल, सब्जियां, गैस और ईंधन का आयात बंद कर दिया है। इसके अलावा थाई फिल्मों और टीवी शोज़ पर रोक लगा दी गई है, साथ ही कुछ अंतरराष्ट्रीय इंटरनेट और बिजली कनेक्शन भी काट दिए गए हैं।