BLA ने अलग-अलग हमलों में 20 पाकिस्तानी सैनिकों को मारने का दावा किया।
नुश्की में पाकिस्तानी सेना के ठिकानों पर 11 ड्रोन हमले किए गए।
मस्तुंग में IED विस्फोट और तीन जगह सशस्त्र हमलों की जिम्मेदारी ली।
BLA ने पाकिस्तानी सेना को बलूचिस्तान से वापस जाने की चेतावनी दी।
Balochistan Liberation Army Drone Attacks: बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने बलूचिस्तान में अलग-अलग स्थानों पर किए गए कई हमलों में 20 पाकिस्तानी सैनिकों और कथित सहयोगियों को मारने का दावा किया है। सोमवार को जारी बयान में संगठन के प्रवक्ता जियांद बलूच ने बताया कि 21 नवंबर को नुश्की के हझदा खोल स्थित पाकिस्तानी सेना के 93 विंग कैंप पर हुए हमले में BLA की हवाई इकाई QAHR और फतेह स्क्वॉड ने हिस्सा लिया था।
बयान के मुताबिक, हमले की शुरुआत QAHR यूनिट ने की। इसके बाद संगठन के अन्य लड़ाकों ने भारी हथियारों और दूसरे हथियारों के साथ कई दिशाओं से पाकिस्तानी सेना के ठिकाने पर हमला किया।
BLA ने दावा किया कि हमले के दौरान उसकी हवाई इकाई QAHR ने सैन्य ठिकानों को निशाना बनाते हुए 11 ड्रोन हमले किए। संगठन के मुताबिक, इस कार्रवाई में कैंप के आठ सैनिक मारे गए, जबकि सात अन्य घायल हुए। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, BLA ने यह भी कहा कि उसके लड़ाकों ने रेको और हारूनी स्थित सैन्य शिविरों की मदद के लिए भेजे जा रहे पाकिस्तानी सैन्य काफिलों पर हमला किया।
संगठन ने दावा किया कि उसके लड़ाकों ने जरीन जंगल में एक पुल को विस्फोट से उड़ा दिया। इससे पाकिस्तानी सेना कई घंटों तक अतिरिक्त सैन्य बल नहीं भेज सकी। BLA के मुताबिक, नुश्की में चलाए गए इस ऑपरेशन के दौरान 13 सैनिक मारे गए और 11 से अधिक घायल हुए।
BLA ने अपने बयान में बताया कि उसी दिन उसके लड़ाकों ने मस्तुंग के गुरगिना इलाके में आगे बढ़ रहे पाकिस्तानी सैनिकों पर हमला किया। संगठन के अनुसार, पहले आईईडी विस्फोट किया गया और इसके बाद तीन अलग-अलग स्थानों पर सशस्त्र हमले किए गए।
बयान में दावा किया गया कि इन हमलों में पाकिस्तानी सेना के पांच जवान मारे गए और कई अन्य घायल हुए। इसके अलावा, उनके वाहनों को भी नुकसान पहुंचा। समूह ने पाकिस्तानी सुरक्षा बलों पर नागरिक इलाकों में मोर्टार हमले करने और दुकानों में आग लगाने का आरोप भी लगाया।
BLA ने कहा कि 22 नवंबर को उसके लड़ाकों ने चगाई जिले के तालो बर्तगजी इलाके में क्वेटा-ताफतान व्यापार मार्ग को बंद कर दिया। इस दौरान तलाशी अभियान चलाया गया और दो वाणिज्यिक वाहनों को जब्त किया गया। संगठन ने इसी क्षेत्र में एक सैन्य काफिले पर हमला करने की जिम्मेदारी भी ली, हालांकि इस कार्रवाई में हताहतों की संख्या नहीं बताई
BLA ने कहा कि पाकिस्तानी सुरक्षा बलों, सैन्य ठिकानों और कथित स्थानीय एजेंटों के खिलाफ उसके जमीनी और हवाई अभियान जारी रहेंगे। संगठन ने दावा किया कि आधुनिक युद्ध रणनीतियों के तहत ये अभियान पूरी ताकत से तब तक जारी रखे जाएंगे, जब तक पाकिस्तानी सेना बलूचिस्तान से पूरी तरह वापस नहीं चली जाती और राष्ट्रीय मुक्ति का लक्ष्य हासिल नहीं हो जाता।