Majeed Brigade Suicide Attacks: पाकिस्तान के अशांत प्रांत बलूचिस्तान में पिछले कुछ दिनों से जारी हिंसा ने पूरे देश को दहला कर रख दिया है। बलूच विद्रोहियों ने सुरक्षा बलों और नागरिक ठिकानों पर अब तक के सबसे घातक हमले किए हैं। इन हमलों के दौरान मजीद ब्रिगेड आत्मघाती हमले की रणनीति अपनाई गई है जिससे भारी जनहानि हुई है। बलूचिस्तान की आजादी के लिए लड़ने वाले संगठन BLA ने इस भीषण रक्तपात की पूरी जिम्मेदारी स्वीकार की है।
पिछले शुक्रवार की रात से लेकर पूरे वीकेंड तक बलूच विद्रोहियों ने पाकिस्तान के कुल 12 अलग-अलग इलाकों में जबरदस्त हमले किए। इन हिंसक वारदातों में कम से कम 17 सुरक्षाकर्मियों की जान चली गई और करीब 50 निर्दोष नागरिक भी मारे गए हैं। बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने इन हमलों को अंजाम देने के बाद कई फिदायीन हमलावरों की तस्वीरें सार्वजनिक की हैं।
BLA ने मजीद ब्रिगेड के दो ऐसे आत्मघाती हमलावरों की तस्वीर जारी की है जो आपस में पति और पत्नी थे। महिला लड़ाका यास्मा बलोच उर्फ जरीना और उनके पति वसीम बलोच को फ्रंट लाइन पर एक साथ खड़ा दिखाया गया है। यह जोड़ी बुलेदा के आलंदूर इलाके की रहने वाली थी और यह तस्वीर पसनी में हुए हमले से जुड़ी है।
यास्मा बलोच का जन्म साल 1997 में हुआ था और वह साल 2022 में इस विद्रोही संगठन BLA से जुड़ी थी। उनके पति वसीम बलोच का जन्म 1992 में हुआ था और वह काफी पहले यानी 2014 में ही संगठन में शामिल हुए थे। बीएलए के अनुसार इन दोनों ने अंतिम बलिदान देने से पहले अपनी पूरी शादीशुदा जिंदगी एक-दूसरे के साथ साझा की थी।
BLA ने इससे पहले भी दो महिला फिदायीन हमलावरों की तस्वीरें जारी की थीं जिनमें एक की उम्र केवल 24 साल थी। आसिफा मेंगल नामक इस महिला ने अपने 21वें जन्मदिन पर BLA की मजीद ब्रिगेड में शामिल होने का फैसला किया था। संगठन का दावा है कि आसिफा ने ही नुशकी में स्थित ISI के मुख्यालय को अपना मुख्य निशाना बनाया था।
यह भी पढ़ें: TTP से उलझी थी फौज, इधर BLA ने कर दिया ‘खेला’; महिला फिदायीन ने 200 से अधिक जवानों को पहुंचाया जहन्नुम
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने भी यह स्वीकार किया है कि इन हमलों में महिला विद्रोही सक्रिय रूप से शामिल थीं। सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी काफी वायरल हो रहा है जिसमें एक भारी हथियारों से लैस महिला लड़ाका इमारत पर फायरिंग करती है। वह महिला हंसते हुए पाकिस्तानी सरकार का मजाक उड़ाती है और दावा करती है कि सेना उनका सामना करने में विफल है।