अमेरिका में हिंदू मंदिर पर हमले की कोशिश करने वाला युवक गिरफ्तार (सोर्स- सोशल मीडिया)
विदेश

हिंदुओं को मारने का सही दिन... अमेरिका में कत्लेआम के लिए मंदिर पहुंचा युवक, ऐन वक्त पर बंदूक हुई जाम, हड़कंप

Chicago Hindu Temple Shooting: अमेरिका के ऑरोरा में हिंदू मंदिर पर कथित हमले की कोशिश नाकाम रही। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की राइफल जाम हुई और सहकर्मी की सूचना पर उसे गिरफ्तार किया गया।

अक्षय साहू

Highlights:

  • ऑरोरा में हिंदू मंदिर पर कथित हमले की कोशिश की जांच जारी है।

  • पुलिस के मुताबिक, आरोपी की राइफल जाम होने से गोली नहीं चल सकी।

  • सहकर्मी की सूचना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया।

  • तलाशी के दौरान राइफल, मैगजीन, सैकड़ों कारतूस और बॉडी आर्मर बरामद हुए।

Hindu Temple Attack Attempt in Aurora: अमेरिका से एक दिल-दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक युवक हिंदुआ को मारने के लिए मंदिर में बंदूक लेकर पहुंचा था। हालांकि, ऐन मौके पर बंदूक जाम हो गई और लोगों की जान बच गई। घटना शिकागो के पास ऑरोरा की है। घटना से पूरे इलाक में हड़कंप मच गया है। पुलिस फिलहाल आरोपी युवक से पूछताछ कर रही है। 

अधिकारियों ने बताया कि, आरोपी वारदात को अंजाम देने की कोशिश कर रहा था, लेकिन ट्रिगर दबाने पर उसकी राइफल जाम हो गई। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की उम्र 19 साल है और उसने कथित तौर पर खुद को 'व्हाइट सुप्रेमेसिस्ट नियो-नाजी' बताया था। उसे बुधवार को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां उस पर आतंकवादी धमकी देने और अवैध रूप से हथियार रखने के आरोप लगाए गए।

हिंदुओं को मारने का सही समय

पुलिस की ओर से जारी बयान के मुताबिक, आरोपी ने अपने एक सहकर्मी को बताया था कि वह शनिवार को शिकागो से करीब 70 किलोमीटर दूर ऑरोरा स्थित एक हिंदू मंदिर पहुंचा था। वहां उसने गोलीबारी करने का प्रयास किया, लेकिन राइफल जाम होने के कारण गोली नहीं चल सकी। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। सहकर्मी ने बताया कि आरोपी ने उससे कहा था कि यह समय भारतीयों को मारने के लिए सही है और इसके लिए इंतजार नहीं कर सकता है।

माना जा रहा है कि आरोपी, लंबे समय से हिंदू मंदिरों पर नजर रख रहा था। इसके अलावा उसने हमले के लिए एक तारीख भी तय की थी। क्योंकि रविवार से नवरात्री की शुरुआत हुई थी। ऑरोरा में तीन हिंदू मंदिर हैं। घटना से जुड़े संभावित खतरे को देखते हुए पुलिस ने इलाके के मंदिरों को सतर्क कर दिया है।

सहकर्मी ने पुलिस को दी जानकारी

आरोपी एलेक्जेंड्रोस पैपोरेकिस को रविवार को शिकागो से लगभग 60 किलोमीटर दूर पैलेटाइन में उसके घर के बाहर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस को उसके खिलाफ जानकारी फास्ट-फूड रेस्टोरेंट में उसके साथ काम करने वाले एक सहकर्मी से मिली थी।

इसके बाद आरोपी को रोलिंग मीडोज की काउंटी अदालत में पेश किया गया। न्यायाधीश ने उसे 30 अक्टूबर तक न्यायिक हिरासत में रखने का आदेश दिया। इसी दिन उसकी अगली पेशी निर्धारित की गई है।

राइफल और सैकड़ों कारतूस बरामद

स्थानीय पुलिस ने बताया कि आरोपी के घर की तलाशी के दौरान एक राइफल, भरी हुई मैगजीन, सैकड़ों कारतूस और बॉडी आर्मर बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक, बॉडी आर्मर पर श्वेत वर्चस्ववादी चरमपंथ से जुड़े प्रतीक और डिजाइन बने हुए थे। पुलिस ने कथित साजिश की गंभीरता पर जोर देते हुए कहा, इस कथित खतरे की गंभीरता को कम करके नहीं आंका जा सकता।

सहकर्मी को मैसेज भेजकर बताई थी बात

रविवार को आरोपी ने अपने सहकर्मी को टेक्स्ट मैसेज भेजकर फोन करने के लिए कहा था। फोन पर बातचीत के दौरान उसने कथित तौर पर बताया कि उसने सामूहिक गोलीबारी करने की कोशिश की थी, लेकिन राइफल नहीं चलने के कारण उसे वहां से भागना पड़ा।

आरोपी के सहकर्मी ने इस घटना की जानकारी माउंट प्रॉस्पेक्ट पुलिस को दी। इसके बाद मामला पैलेटाइन पुलिस तक पहुंचा और जांच के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

भारतीय दूतावास ने की पुलिस कार्रवाई की सराहना

न्यूयॉर्क स्थित भारतीय दूतावास ने कहा कि उसे ऑरोरा में पूजा स्थल को निशाना बनाने की नाकाम कोशिश से जुड़ी खबरों की जानकारी है। दूतावास ने कानून प्रवर्तन एजेंसियों की समय रहते की गई कार्रवाई की सराहना की। दूतावास के मुताबिक, वह भारतीय समुदाय के सदस्यों के संपर्क में है और पूरे घटनाक्रम पर करीबी नजर रख रहा है। 

IDBI बैंक के पुनर्गठन का रास्ता साफ! फेयरफैक्स की 81 रुपये प्रति शेयर बोली मंजूर, सरकार के फैसले का विरोध शुरू

पश्चिम रेलवे के 738 रूट किमी पर चालू हुआ कवच, 5,228 किमी रेल नेटवर्क को सुरक्षा प्रणाली से जोड़ने का लक्ष्य

परविंदर झोटा मर्डर केस में SHO बेअंत कौर सस्पेंड; कहीं बाजार बंद, कहीं चक्काजाम, टोल प्लाजा पर प्रदर्शन- VIDEO

एपीजे अब्दुल कलाम जयंती: एक रैंक से टूटा था पायलट बनने का सपना, 74 साल की उम्र में पुणे के आसमान में किया पूरा

Punjab Bandh: परविंदर सिंह झोटा की हत्या के विरोध में पंजाब बंद, कई जगह चक्का जाम, फूंका भगवंत मान का पुतला