US Ohio Toledo Shooting News In Hindi: अमेरिका के ओहियो प्रांत से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है। टोलेडो शहर में आयोजित एक ऐतिहासिक सामुदायिक उत्सव उस समय मातम में बदल गया, जब वहां अचानक अंधाधुंध गोलीबारी शुरू हो गई। इस भीषण घटना में कई लोगों की जान जाने की खबर है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। स्थानीय पुलिस और प्रशासन ने हमलावरों को पकड़ने के लिए पूरे इलाके की घेराबंदी कर बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
यह दर्दनाक घटना रविवार दोपहर की है, जब 'ओल्ड वेस्ट एंड फेस्टिवल' में बड़ी संख्या में लोग समर सीजन का आनंद लेने पहुंचे थे। शुरुआत में टोलेडो पुलिस को सूचना मिली थी कि समारोह में एक व्यक्ति को गोली मारी गई है। लेकिन जब पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची, तो वहां का नजारा बेहद भयावह था। पुलिस के मुताबिक, वहां घायलों की संख्या उम्मीद से कहीं ज्यादा थी। कई लोग खून से लथपथ जमीन पर पड़े थे। पुलिस ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अभी तक मरने वालों की सटीक संख्या और घायलों की स्थिति पर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
गोलियां' घटना के वक्त वहां मौजूद केविन बेरी नामक एक चश्मदीद ने उस खौफनाक मंजर का जिक्र किया है। बेरी, जो पूर्व अमेरिकी नौसेना कर्मी हैं और मेडिकल ट्रेनिंग भी ले चुके हैं, ने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ लाइव म्यूजिक का आनंद ले रहे थे। तभी अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट ने सन्नाटा चीर दिया। बेरी के मुताबिक, उन्होंने देखा कि उनसे महज 50 फीट की दूरी पर बंदूकें लहराई जा रही थीं। उन्होंने बिना डरे तुरंत मदद के लिए दौड़ लगाई और घायलों को प्राथमिक उपचार देना शुरू किया। उन्होंने बताया कि कम से कम पांच से ज्यादा लोग सीधे तौर पर गोलीबारी की चपेट में आकर गंभीर रूप से जख्मी थे।
इस हादसे पर सिटी काउंसिल की सदस्य थेरेसा मॉरिस ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि कम से कम आठ लोग इस शूटिंग में घायल हुए हैं। उन्होंने इसे निवासियों और पर्यटकों के लिए एक बड़ी त्रासदी बताया है। वहीं, ओहियो के गवर्नर माइक डिवाइन ने भी घटना पर गहरी चिंता जताई।
उन्होंने अपने बयान में कहा कि समर फेस्टिवल परिवारों के लिए एक सुरक्षित स्थान होने चाहिए, जहां वे बिना किसी हिंसा के डर के अपना समय बिता सकें। इस बीच, सोशल मीडिया पर भी इस घटना के कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें लोग अपनी जान बचाने के लिए भागते हुए और इमरजेंसी अधिकारी घायलों की मदद करते हुए देखे जा सकते हैं।
यह भी पढ़ें:- शी जिनपिंग के दौरे से पहले किम जोंग उन का बड़ा आदेश, उत्तर कोरिया बनाएगा 10,000 टन का महाविनाशक युद्धपोत
टोलेडो में आयोजित होने वाला 'ओल्ड वेस्ट एंड फेस्टिवल' एक दो दिवसीय ऐतिहासिक समारोह है। यह शहर की संस्कृति का एक महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है, जिसमें लाइव म्यूजिक, खान-पान, होम टूर और शॉपिंग का लुत्फ उठाने लोग दूर-दूर से आते हैं।
स्थानीय लोगों के लिए यह उत्सव केवल एक मेला नहीं, बल्कि गर्मी के मौसम की शुरुआत का एक जश्न होता है। फिलहाल, पुलिस जिम्मेदार लोगों की सक्रियता से तलाश कर रही है और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।