कैलिफोर्नियाः अमेरिका इस समय भीषण आग की चपेट में झुलस रहा है। कैलिफोर्निया के लॉस एंजेलिस के जंगलों में लगी भीषण आग लगातार फैलती ही जा रही है। इस आग में अब तक कम से कम 5 लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों घर जलकर राख हो गए हैं। फायर ब्रिगेड की टीम आग बुझाने के लिए लगातार कोशिश कर रही है, लेकिन पानी की कमी के कारण मुश्किलें बढ़ रही हैं। आग तेजी से फैल रही है और इसे रोकने के लिए प्रयास जारी हैं।
अब तक 3 दिनों में 28,000 एकड़ का इलाका जलकर राख हो गया है। आग इतनी तेजी से फैली है कि यह हॉलीवुड तक पहुंच गई है। इस आग की वजह से 2 लाख से ज्यादा लोगों को अपने घरों को छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा है।
लॉस एंजिल्स में लगी भीषण आग से करीब 50 बिलियन डॉलर का नुकसान हुआ है। यह रकम कई देशों की पूरी GDP से भी ज्यादा है और मालदीव की GDP से 8 गुना अधिक है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन का अभी हार का दर्द खत्म नहीं हुआ, तब तक लॉस एंजिल्स की आग ने उनको एक बड़ा झटका दिया है।
बता दें कि लॉस एंजिल्स की आग हर घंटे एक नए इलाके को अपनी चपेट में ले रही है। बुधवार को लॉस एंजिल्स के हॉलीवुड हिल्स में एक और जगह आग भड़क गई। हॉलीवुड हिल्स में लगी आग से मशहूर हॉलीवुड बोर्ड के जलने का खतरा बढ़ गया है। तेज़ हवाओं ने आग को और खतरनाक बना दिया है। आग ने "फायरनाडो" का रूप ले लिया है, जिसमें आग की लपटें टॉर्नेडो की तरह आसमान तक उठती दिख रही हैं। विदेश की खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पश्चिमी हिस्से में फैली पैलिसेड्स में आग ने अब तक 15,832 एकड़ जमीन को तबाह कर दिया है। पैसिफिक पैलिसेड्स में आग से कई घर जलकर खाक हो गए। इसको लेकर एलन मस्क ने एक्स पर बुधवार को एक वीडियो जारी किया है।
अमेरिका की प्राइवेट भविष्यवक्ता एक्यूवेदर ने बुधवार को बताया कि कैलिफ़ोर्निया के जंगलों में लगी आग अब तक की सबसे भयानक आगों में से एक है। शुरुआती अनुमान के अनुसार, आग से 50 बिलियन डॉलर से ज्यादा का नुकसान हुआ था। लेकिन एक्यूवेदर के मुताबिक, इस आग ने 52 से 57 बिलियन डॉलर के बीच का नुकसान पहुंचाया है। यह आग न केवल आर्थिक नुकसान का कारण बनी है, बल्कि इसके पर्यावरण और स्थानीय लोगों पर भी गहरे प्रभाव पड़े हैं।
कैलिफोर्निया के सनसेट इलाके की आग पर काबू पा लिया गया है। इस दौरान लॉस एंजिल्स में लूटपाट की घटनाएं भी सामने आईं। सैंटा मोनिका में हालात काबू में रखने के लिए कर्फ्यू लगाया गया है। साथ ही एंजल्स नेशनल फॉरेस्ट को 6 दिनों के लिए बंद कर दिया गया है।
इस आग की चपेट में एक्ट्रेस नोरा फतेही भी फंस गई थीं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो जारी कर बताया कि वह किस तरह इस भयानक आग में फंस गई थीं और कैसे उन्हें रेस्क्यू किया गया। नोरा ने कहा, "मेरे जीवन में मैंने ऐसी डरावनी आग पहले कभी नहीं देखी।"