नेपाल में बाढ़ से 51 की मौत (सोर्स- सोशल मीडिया) 
विदेश

नेपाल में थम नहीं रहा मौतों का सिलसिला, बाढ़-भूस्खलन से अब तक 51 की मौत, PM मोदी ने जताया दुख

Heavy Rain in Nepal: नेपाल में भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन से 51 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 10 लापता हैं। सेना, पुलिस और एपीएफ राहत-बचाव कार्य में जुटे हैं। कई घायलों को एयरलिफ्ट किया गया।

अक्षय साहू

Flood in Nepal: नेपाल में पिछले दो दिनों से मौसम का कहर जारी है। भारी बारिश के बाद अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन की अलग-अलग घटनाओं में अब तक 51 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा कम से कम 10 लोगों के लापता होने की बात कही जा रही है। नेपाल की सरकार लगातार लापता लोगों को तलाशने के लिए अभियान चला रही है।

सशस्त्र पुलिस बल (APF) के प्रवक्ता कालिदास धौवजी के मुताबिक, देउमाई और माईजोगमाई नगरपालिका क्षेत्रों में आठ-आठ, इल्लम नगरपालिका और संदकपुर ग्रामीण नगरपालिका में छह-छह, मंगसेबुंग में तीन और फाकफोकथुम गांव में एक व्यक्ति की मौत हुई। अन्य जिलों में भी नुकसान की खबरें हैं। उदयपुर में दो, पंचथर में एक, रौतहट में बिजली गिरने से तीन और खोतांग जिले में दो लोगों की मौत हुई। वहीं, पंचथर जिले में सड़क दुर्घटना में छह लोगों की जान चली गई।

राहत-बचाव में जुटी सेना और पुलिस

रसुवा जिले के लांगटांग संरक्षण क्षेत्र में उफनती नदी में चार लोग बह गए और अब भी लापता हैं। ट्रैकिंग पर गए 16 लोगों में से चार का कोई पता नहीं चल पाया है। इल्लम, बारा और काठमांडू में भी एक-एक व्यक्ति लापता है। नेपाल सेना, नेपाल पुलिस और एपीएफ की टीमें राहत व बचाव कार्यों में जुटी हैं। इल्लम जिले से एक गर्भवती महिला समेत चार लोगों को एयरलिफ्ट कर धरान अस्पताल में भर्ती कराया गया।

नेपाल के सात में से पांच प्रांतों कोशी, मधेश, बागमती, गण्डकी और लुम्बिनी में मानसून सक्रिय है। लगातार बारिश के कारण काठमांडू और अन्य इलाकों में सड़कें और संचार व्यवस्थाएं बाधित हो गई हैं। हालांकि रविवार को राजधानी में बारिश थोड़ी कम हुई और कुछ राष्ट्रीय राजमार्ग आंशिक रूप से खोले गए।

सरकार ने कुछ श्रेणियों के वाहनों को स्थानीय प्रशासन के समन्वय में आवागमन की अनुमति दी है, लेकिन जोखिम भरे क्षेत्रों में रात के समय वाहनों पर प्रतिबंध जारी रहेगा। बागमती और पूर्वी राप्ती नदियों के किनारे के इलाकों में रेड अलर्ट जारी किया गया है।

पीएम मोदी ने पोस्ट कर जताया दुख

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पड़ोसी देश में मौसम के कहर पर दुख जताया है। उन्होंने मदद की पेश करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफाॅर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, नेपाल में भारी बारिश से हुई जनहानि और क्षति दुखद है। इस कठिन समय में हम नेपाल की जनता और सरकार के साथ हैं। उन्होंने कहा एक मित्रवत पड़ोसी और प्रथम प्रतिक्रियादाता के रूप में, भारत हरसंभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Delhi CJP Protest LIVE: पुलिस हिरासत में मनीष सिसोदिया, अभिजीत दिपके, सौरव दास-आशुतोष रांका और ध्रुव राठी

मुझे नहीं पता कौन है दिपके... फ्लाइट में देरी पर भड़के यात्री, बोले- जनता ही सब करेगी तो कोर्ट बंद कर दो

CJP Protest: दिल्ली में मेट्रो के 45 स्टेशन और कनॉट प्लेस बाजार बंद, नोएडा में 20 अक्टूबर तक धारा 163 लागू

Jantar Mantar Protest: ट्रेन-मेट्रो पर ब्रेक! सुप्रीम कोर्ट में अवमानना की याचिका, क्या एक्शन लेगी अदालत?

मैं अरेस्ट होने आया हूं, एयरपोर्ट पर बोले अभिजीत दिपके, CJP प्रोटेस्ट से पहले सौरव दास-आशुतोष रांका डिटेन